बयाना कस्बे के बीचों-बीच स्थित गणेशी मार्केट के मुख्य द्वार पर लंबे समय से खाली पड़ा प्लॉट अब दुकानदारों और आमजन के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। प्लॉट में फैली गंदगी, जमा गंदा पानी और बदबू के कारण आसपास के दुकानदारों को दिनभर परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद नगरपालिका प्रशासन और प्लॉट मालिक की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय दुकानदार हनीप ने बताया कि गणेशी मार्केट में काफी समय से एक खाली प्लॉट पड़ा हुआ है, जिसके चारों ओर दुकानें बनी हुई हैं। देखरेख के अभाव में यह प्लॉट धीरे-धीरे गंदगी के ढेर में बदल गया है। लोग खुले में पेशाब करने के लिए इस जगह का उपयोग कर रहे हैं, वहीं बारिश के दिनों में यहां पानी जमा हो जाता है। बारिश के पानी के साथ गंदगी और पेशाब सड़क तक बहने से पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।

दुकानदारों के अनुसार बाजार के मुख्य द्वार पर इस तरह की स्थिति होने से ग्राहकों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आसपास दुकानें होने के कारण दुकानदारों को बदबू और गंदगी के बीच बैठकर अपना व्यवसाय करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कई बार प्लॉट मालिक से खाली जगह की बाउंड्री करवाने का आग्रह किया गया, लेकिन न तो प्लॉट की चारदीवारी करवाई गई और न ही इसे बेचने या किसी अन्य उपयोग में लेने की दिशा में कोई कदम उठाया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर नगरपालिका प्रशासन को भी कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक प्लॉट मालिक को नोटिस तक जारी नहीं किया गया है। लोगों का आरोप है कि शहर के बीचों-बीच खुले में गंदगी फैलने से स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्य प्रभावित हो रहे हैं और प्रशासन की उदासीनता के कारण आमजन को परेशानी उठानी पड़ रही है।

दुकानदारों ने बताया कि दिन के समय गांवों और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने आते हैं। कुछ लोग खुले में पेशाब कर देते हैं, जबकि बाजार क्षेत्र में महिलाओं और बच्चों की भी आवाजाही रहती है। दुकानदारों द्वारा मना करने पर कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है। लोगों का कहना है कि खुले में गंदगी फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की आवश्यकता है, ताकि बाजार क्षेत्र की व्यवस्था सुधर सके।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार खाली प्लॉट में गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इसके अलावा आवारा सांडों का जमावड़ा भी यहां बना रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। शहर का गंदा पानी भी इस प्लॉट में जमा हो रहा है, जिससे मच्छर पनपने और बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।

स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि या तो प्लॉट मालिक को साफ-सफाई और चारदीवारी के लिए निर्देश दिए जाएं या फिर प्रशासन स्तर पर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी रामअवतार, विनोद अग्रवाल, विनोद मित्तल, संतोष, अनिल अग्रवाल और हनीफ खान ने नगरपालिका से जल्द समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों का कहना है कि शहर के प्रमुख बाजार में इस तरह की अव्यवस्था लंबे समय तक स्वीकार नहीं की जा सकती।

Devisingh Prajapat, Bharatpur

Devisingh Prajapat, Bharatpur

नाम: देवीसिंह प्रजापत

कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)

अनुभव: 15 वर्ष

बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)

परिचय 

देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)

देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।

शैक्षणिक योग्यता

देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।

Next Story