बयाना: बिजली कटौती और जर्जर लाइनों से जनजीवन बेहाल, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
नगला जाटव में पोल गिरने से 24 घंटे से ब्लैकआउट, पेयजल संकट और पशुधन हानि से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजलीघर घेराव का किया ऐलान।

भरतपुर के बयाना उपखंड स्थित नगला जाटव सालाबाद में सड़क किनारे गिरा बिजली का पोल, जिसके कारण पिछले 24 घंटों से गांव की आपूर्ति ठप है और पेयजल संकट गहरा गया है।
भीषण गर्मी के बीच बयाना उपखंड क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति से जनजीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव नगला जाटव सालाबाद में पिछले 24 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। ग्रामीण सुरेंद्र कसाना ने बताया कि गांव में एक बिजली का पोल गिर जाने के कारण आपूर्ति बंद है, लेकिन विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक नया पोल नहीं लगाया गया है। बिजली आपूर्ति बंद होने से पेयजल संकट गहरा गया है तथा पशुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो बिजलीघर का घेराव किया जाएगा।
उधर बयाना कस्बे के जवाहर चौक, छोटा बाजार सहित कई क्षेत्रों में कई दिनों से एक फेस की बिजली आपूर्ति बाधित है। इसके कारण दुकानदारों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
इसी प्रकार नारोली गांव में भी पिछले दो दिनों से थ्री-फेस बिजली आपूर्ति बंद पड़ी है। इसके चलते कई गांवों में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। वहीं ब्रह्मबाद क्षेत्र में पुराने और जर्जर बिजली तार बार-बार टूट रहे हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासी शांति स्वरूप सैन ने बताया कि टूटते और ढीले बिजली तारों के कारण क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ढीले तारों और करंट की चपेट में आने से एक भैंस की मौत भी हो चुकी है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने, जर्जर तारों को बदलने तथा लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है। भीषण गर्मी के दौर में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था और गहराते पेयजल संकट ने ग्रामीणों और शहरी उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है।

Devisingh Prajapat, Bharatpur
नाम: देवीसिंह प्रजापत
कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)
अनुभव: 15 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)
परिचय
देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)
देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।
शैक्षणिक योग्यता
देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
