बयाना: श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, ‘नंद के आनंद भये’ के जयकारों से गुंजायमान हुआ पांडाल
बयाना निवासी हेमंत गोयल परिवार द्वारा दिल्ली के कृष्णा नगर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। आचार्य पंडित बृजेश शास्त्री के संगीतमय वर्णन और सजीव झांकी ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नंद के आनंद भये के जयकारों के साथ लड्डू गोपाल का स्वागत किया गया, जहां भारी संख्या में भक्तों ने भक्ति रस का आनंद लिया और प्रभु के प्रेम मार्ग को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

बयाना/दिल्ली। दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित राम मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के दौरान जब भगवान श्री कृष्ण के प्राकट्य का प्रसंग आया, तो समूचा वातावरण गोकुलमय हो उठा। भागवत कथा आचार्य पंडित बृजेश आचार्य शास्त्री के मुखारविंद से निशृत संगीतमय कथा और सजीव नाट्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जैसे ही भगवान श्री कृष्ण के बाल रूप का आगमन हुआ, पांडाल में मौजूद सैकड़ों भक्तों की आंखें खुशी से छलक उठीं और चहुं ओर ‘नंद के आनंद भये, जय कन्हैया लाल की’ के गगनभेदी जयकारे गूंजने लगे।
कथा के मुख्य आकर्षण के रूप में सजीव झांकी सजाई गई, जिसमें नन्हे-मुन्ने बालक को श्री कृष्ण के बाल रूप में प्रस्तुत किया गया। आयोजन के मुख्य यजमान हेमंत गोयल वासुदेव के रूप में और उनकी धर्मपत्नी सोनिया गोयल माता यशोदा के स्वरूप में बाल स्वरूप लड्डू गोपाल को लेकर जैसे ही मंच पर पहुंचे, श्रद्धालु झूम उठे। विशेष रूप से महिला श्रद्धालु भगवान के जन्मोत्सव की खुशी में सुध-बुध खोकर बधाई गीतों और भजनों पर नृत्य करने लगीं। इस दौरान पूरे परिसर में उत्सव का ऐसा माहौल बना कि हर कोई इस अलौकिक दृश्य का साक्षी बनने को आतुर दिखाई दिया।
कथा व्यास पंडित बृजेश आचार्य ने श्री कृष्ण अवतार के आध्यात्मिक और सामाजिक पक्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान का पृथ्वी पर अवतरण अधर्म और बुराइयों के विनाश के लिए हुआ था। उन्होंने प्रतिपादित किया कि श्री कृष्ण ने ही सर्वप्रथम विश्व को प्रेम और करुणा का मार्ग दिखाया। आचार्य ने जोर देकर कहा कि जीव-जंतुओं और मनुष्यों के प्रति प्रेम तथा जरूरतमंदों की सेवा ही वह मार्ग है, जिससे हम संसार को जीत सकते हैं और तनाव रहित आनंदमयी जीवन व्यतीत कर सकते हैं। श्री कृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि कन्हैया की प्रत्येक लीला संसार को सुखमय और सुरक्षित जीवन जीने का अद्भुत संदेश देती है।
जन्मोत्सव की खुशी में आयोजक परिवार द्वारा फल, मिठाइयां, टॉफियां और उपहारों की जमकर वर्षा की गई, जिसे पाकर श्रद्धालु निहाल हो गए। बयाना के ग्राम बागरैन निवासी एवं प्रसिद्ध रेडीमेड गारमेंट कारोबारी हेमंत गोयल के परिवार द्वारा आयोजित इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में सामाजिक एकता और अटूट श्रद्धा का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की सफलता में आयोजक परिवार के रमेश गोयल, गोपाल गोयल, गौरव गोयल, जितेंद्र गोयल, राजेश गोयल, बृजेश गोयल और सुनील गोयल सहित परिवार के अन्य सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। भक्ति और उल्लास से सराबोर यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि समाज में प्रेम और सद्भाव के संदेश को भी प्रसारित कर गया।

Devisingh Prajapat, Bharatpur
नाम: देवीसिंह प्रजापत
कार्यक्षेत्र: बयाना उपखंड / उप जिला बयाना (राजस्थान)
अनुभव: 15 वर्ष
बीट (मुख्य विषय): सर्वपक्षीय समाचार (सभी तरह की खबरें और ग्राउंड रिपोर्टिंग)
परिचय
देवीसिंह प्रजापत राजस्थान के बयाना उपखंड क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी, निष्पक्ष और सक्रिय पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से उप जिला बयाना और संपूर्ण बयाना उपखंड की हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर पैनी नजर रखते हैं। स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं, विकास कार्यों से लेकर क्षेत्र की हर प्रमुख हलचल और सभी तरह की खबरों को प्रमुखता व प्रामाणिकता के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता की मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का व्यापक अनुभव (Work Experience)
देवीसिंह प्रजापत जी को मीडिया जगत का एक लंबा और समृद्ध अनुभव है। वह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। इस डेढ़ दशक के सफर में उन्होंने मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स (प्रिंट, डिजिटल व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) पर काम किया है, जिससे उन्हें ग्राउंड रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय मुद्दों की गहरी समझ है।
शैक्षणिक योग्यता
देवीसिंह प्रजापत जी शैक्षणिक रूप से बेहद सुदृढ़ हैं। उन्होंने विज्ञान स्नातक (B.Sc.) के साथ-साथ बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) की डिग्री हासिल की है। उनकी यह तकनीकी और तार्किक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों के विश्लेषण, तथ्यों की जांच और समसामयिक मुद्दों को एक वैज्ञानिक व सटीक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाती है।
