भरतपुर जिले के ऐतिहासिक शहरों में शामिल तहसील भुसावर कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में शुक्रवार, एक मई को उस समय राजनीतिक उत्साह चरम पर पहुंच गया, जब जननायक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बयाना उपखण्ड क्षेत्र के गांव सूपा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जाते हुए भुसावर पहुंचे। पूरे क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारों से वातावरण गूंजायमान हो उठा।

पूर्व केबिनेट मंत्री एवं वर्तमान करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ठाकुर गणेश जी मंदिर प्रांगण और बस स्टैंड सहित विभिन्न स्थानों पर गहलोत का भव्य स्वागत किया। यह स्वागत कार्यक्रम उस समय आयोजित किया गया, जब गहलोत भरतपुर जिले के बयाना उपखण्ड क्षेत्र के सूपा गांव में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय बृजेंद्र सिंह सूपा की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

भुसावर कस्बे के राजा मंडी स्थित ठाकुर गणेश जी मंदिर प्रांगण में ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी भुसावर के हरीराम सैनी, सैनी समाज सेवा समिति तहसील भुसावर के अध्यक्ष चंदर सैनी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वर्तमान सांसद भजनलाल जाटव तथा अशोक चांदना का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान जेसीबी मशीनों पर चढ़कर पुष्प वर्षा की गई, जिससे समारोह का दृश्य अत्यंत आकर्षक और उत्साहपूर्ण बन गया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न स्थानीय समस्याओं से भी पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों को अवगत कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी ने आयोजन को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बना दिया।

यह आयोजन न केवल राजनीतिक सक्रियता का प्रतीक रहा, बल्कि क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक प्रभाव और जनसमर्थन का भी स्पष्ट संकेत देता नजर आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story