महर्षि दयानंद वैदिक साधु आश्रम, भरतपुर में संचालित आर्य वीर दल की निशुल्क शाखा एवं बॉक्सिंग प्रशिक्षण कक्षा में सर्व समाज महासभा के तत्वावधान में प्रतिभावान बच्चों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां अनुशासन, परिश्रम और उपलब्धियों का संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम में सर्व समाज महासभा भरतपुर के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके नेतृत्व में सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने शाखा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर महासचिव अनिल भारद्वाज, सूरजभान, सुखवीर, बलवीर, सुधीर कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रदेश एवं जिला स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण एवं रजत पदक प्राप्त करने वाले अभय, नवीन, कपिल, क्षितिज, भूमिका और माही का विशेष सम्मान किया गया। अतिथियों ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंघल ने कहा कि आज के समय में बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन, सेवा भाव और शारीरिक क्षमता की भी आवश्यकता है। जिला संचालक डॉ देवेंद्र भारद्वाज ने बताया कि आर्य वीर दल की यह निशुल्क शाखा बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है और ऐसे प्रयास बच्चों को आत्मविश्वासी, सक्षम तथा राष्ट्र के लिए उपयोगी नागरिक बनाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन आर्य वीर दल भरतपुर के जिला आर्य प्रतिनिधि सभा भरतपुर के प्रधान एवं वरिष्ठ बॉक्सिंग कोच सुरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन में हुआ। यह शाखा सोमवार से शनिवार तक पूर्णतः निशुल्क संचालित की जाती है, जिसमें बच्चों को खेल, आत्मरक्षा, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण दिया जाता है।

यह आयोजन न केवल प्रतिभा के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में अनुशासन और राष्ट्रनिर्माण की भावना को सशक्त करने का संदेश भी दे गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story