अपरा एकादशी 2026: भुसावर के मंदिरों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
ज्येष्ठ मास के दुर्लभ संयोग में श्रद्धालु भगवान विष्णु की विशेष पूजा करेंगे और मंदिरों में हरिनाम संकीर्तन के साथ पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

भुसावर के एक मंदिर में अपरा एकादशी की तैयारियों के बीच भगवान विष्णु और लक्ष्मी जी की प्रतिमाओं के समक्ष दर्शन करता श्रद्धालु।
अपरा एकादशी 13 मई को: ज्येष्ठ अधिक मास के दुर्लभ संयोग में भुसावर के मंदिरों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब
भुसावर। ज्येष्ठ मास और ज्येष्ठ अधिक मास के दुर्लभ ज्योतिषीय संयोग के चलते इस वर्ष चार एकादशी व्रतों—अपरा, पद्मिनी, परमा और निर्जला—का विशेष समागम होने जा रहा है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र का वातावरण धर्ममय हो गया है। आगामी 13 मई, बुधवार को ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष की 'अपरा एकादशी' श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई जाएगी, जिसे जल क्रीड़ा, भद्रकाली और अचला एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। विद्वान पंडित पुष्पेंद्र शर्मा, राघवेंद्र शर्मा और महेश ववलू शर्मा के अनुसार, भगवान विष्णु को समर्पित इन चार एकादशियों का व्रत करने से साधक को समस्त पापों से मुक्ति प्राप्त होती है और अक्षय पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
भरतपुर जिले के भुसावर उपखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों के घरों और देवालयों में इस दिन आस्था, श्रद्धा और भक्ति का त्रिवेणी संगम देखने को मिलेगा। सनातन धर्म प्रेमी विधि-विधान पूर्वक श्रीहरि विष्णु जी और माता लक्ष्मी जी की पूजा-अर्चना कर व्रत रखेंगे तथा परिवार में सुख-शांति व समृद्धि की कामना करेंगे। धार्मिक आयोजन की कड़ी में कस्बे के ऐतिहासिक कोठी वाले हनुमान जी मंदिर, हूंकारेश्वर महादेव मंदिर, भगतराज वाले हनुमानजी मंदिर, चतुर्भुज जी मंदिर, दाऊजी महाराज मंदिर, राधा कृष्ण युगल किशोर जी मंदिर और वनखण्डी वाले हनुमान जी मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में विशेष सजावट की जाएगी। श्रद्धालु ठाकुर जी और लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर श्रद्धा अनुसार फल-फूल अर्पित करेंगे। भक्ति का माहौल उस समय अपने चरम पर होगा जब ढोलक, झांझ और मजीरा की थाप पर हरिनाम संकीर्तन करते हुए श्रद्धालु नृत्य कर अपनी हाजिरी लगाएंगे। धर्म ग्रंथों की महत्ता को रेखांकित करते हुए पंडितों ने बताया कि अपरा एकादशी का व्रत अश्वमेघ यज्ञ के समान पुण्य प्रदान करने वाला और पापों का समूल नाश करने वाला है, जो आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में मील का पत्थर साबित होगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
