अमर शहीद रमेश स्वामी का 79वां बलिदान दिवस: भुसावर में दी जाएगी श्रद्धांजलि
भरतपुर के भुसावर में बेगार प्रथा के विरुद्ध प्राण न्योछावर करने वाले रमेश स्वामी की याद में प्रभात फेरी और आर्य समाज पद्धति से हवन का आयोजन किया जाएगा।

भरतपुर के भुसावर स्थित अमर शहीद रमेश स्वामी पार्क जहाँ 5 फरवरी को बेगार प्रथा विरोधी आंदोलन के शहीद की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा और हवन आयोजित होगा।
भुसावर: "शहीदों की चिताओं पर हर वर्ष लगेंगे मेले, वतन पर मरने वालों का यहीं बाकी नामों निशान होगा।" इन पंक्तियों को सुनकर भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे को राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश में पहचान दिलाने वाले अमर शहीद रमेश स्वामी जी का 79वां बलिदान दिवस 5 फरवरी गुरुवार को नम आंखों से गर्व के साथ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा।
बलिदान की शौर्य गाथा
त्याग और बलिदान के लिए कस्बे की भूमि पर ब्राह्मण कुल में पिता जुगल किशोर शर्मा जी के यहां माता गुलाब कौर की कोख से 1904 में जन्मे रमेश स्वामी जी, जिनका मूल नाम कुन्दन लाल शर्मा था, ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लोहा लिया।
- उन्होंने बेगार प्रथा का कड़ा विरोध किया।
- विरोध में वह बस के नीचे लेट गए और अंग्रेजी हुकूमत ने उनके ऊपर 5 फरवरी 1947 को बस चढ़ा दी जहां उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन
5 फरवरी गुरुवार के दिन हर युवक, महिला, बुज़ुर्ग और बच्चे स्वामी जी को याद करते हुए आंखों में आसूं लिए अमर शहीद रमेश स्वामी पार्क में पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि देंगे। कार्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार है:
- प्रातः 5 बजे: हाथों में ध्वज पताका लिए प्रभात फेरी पोस्ट ऑफिस के पास सरकारी अस्पताल सड़क मार्ग स्थित रमेश स्वामी पार्क से निकाली जाएगी।
- उद्घोष: "जब तक सूरज चांद रहेगा, स्वामी जी आप का नाम रहेगा" के साथ भारत माता एवं वीर शहीदों के जयघोष से वातावरण को गुंजायमान और देश भक्ति मय कर दिया जाएगा।
- हवन यज्ञ: प्रभात फेरी के बाद रमेश स्वामी पार्क में कन्या गुरुकुल आर्य समाज की छात्राओं एवं पदाधिकारियों के द्वारा आर्य पद्धति से हवन यज्ञ कर स्वामी जी की आत्मा शांति के लिए आहुतियां प्रदान की जाएगी।
- पुष्पांजलि: रमेश स्वामी पार्क में माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि दी जाएगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
