भुसावर। "शहीदों की चिताओं पर हर वर्ष लगेंगे मेले, वतन पर मरने वालों का यहीं बाकी नामों निशान होगा।" इन पंक्तियों को सुनकर भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे को राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे देश में पहचान दिलाने वाले अमर शहीद रमेश स्वामी जी का 79वां बलिदान दिवस 5 फरवरी गुरुवार को नम आंखों से गर्व के साथ विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया।


शहादत का इतिहास और बेगार प्रथा का विरोध

  • त्याग और बलिदान के लिए कस्बे की भूमि पर ब्राह्मण कुल में पिता जुगल किशोर शर्मा जी के यहाँ माता गुलाब कौर की कोख से 1904 में रमेश स्वामी जी का जन्म हुआ।
  • इनका मूल नाम कुन्दन लाल शर्मा था।
  • इन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लोहा लेते हुए बेगार प्रथा का विरोध किया।
  • विरोध में वह बस के नीचे लेट गए और अंग्रेजी हुकूमत ने उनके ऊपर 5 फरवरी 1947 को बस चढ़ा दी जहाँ उन्होंने अपने प्राणों की आहुति दे दी।

प्रभात फेरी और देशभक्ति का जयघोष

अमर शहीद रमेश स्वामी जी के 79वें बलिदान दिवस पर 5 फरवरी गुरुवार को सुबह 5 बजे हाथों में ध्वज पताका लिए युवाओं ने प्रभात फेरी निकाली। यह प्रभात फेरी पोस्ट ऑफिस के पास सरकारी अस्पताल सड़क मार्ग स्थित रमेश स्वामी पार्क से कस्बे के विभिन्न मार्गों पुरानी सब्जी मण्डी, मैन बाजार, पुरानी अनाज मण्डी, हिण्डोंन सड़क मार्ग से होकर निकाली गई। इस दौरान वातावरण "जब तक सूरज चांद रहेगा, स्वामी जी आप का नाम रहेगा" के नारों के साथ भारत माता एवं वीर शहीदों के जयघोष से गुंजायमान और देश भक्ति मय हो गया।


आर्य समाज पद्धति से हवन यज्ञ एवं पुष्पांजलि

प्रभात फेरी के बाद रमेश स्वामी पार्क में कन्या गुरुकुल आर्य समाज की छात्राओं एवं पदाधिकारियों प्रधान वैध दिनेश चन्द पाण्डेय के सानिध्य में आर्य पद्धति से हवन यज्ञ किया गया। इसमें स्वामी जी की आत्मा शांति के लिए आहुतियां प्रदान की गई। जहाँ 5 फरवरी गुरुवार के दिन हर युवक, महिला, बुज़ुर्ग और बच्चे स्वामी जी को याद करते हुए आंखों में आसूं लिए अमर शहीद रमेश स्वामी पार्क में पहुंच कर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


श्रद्धांजलि सभा और उपस्थित गणमान्य नागरिक

रमेश स्वामी पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं एवं स्वामी जी के परिवार जनों ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अमर शहीद रमेश स्वामी जी की जीवनी पर प्रकाश डाला और उनके बताए मार्ग पर चलने की बात कही।

उपस्थित प्रमुख व्यक्ति एवं परिवार जन:

  • परिवार जन: वीरेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, पिन्टू एवं राहुल स्वामी।
  • अतिथि एवं वक्ता: नगर पालिका अध्यक्ष सुनीता प्रकाश जाटव, रमेश स्वामी पार्क के अध्यक्ष गोविन्द सिंह पाण्डेय, कांग्रेस शहर अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश अवस्थी, कवि पूरनमल निर्द्वन्द।
  • अन्य गणमान्य: तहसील भुसावर में कार्यरत प्रशासनिक अधिकारी शैलेश कुमार शर्मा उर्फ शैला बाबा, कमलाकान्त शर्मा, गंगाराम पाण्डेय, सतीश कुमार आदि सहित सरकारी एवं गैरसरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि।
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story