डीग, 16 दिसंबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी उत्सव कौशल की अध्यक्षता में संपन्न इस बैठक में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी (पेन ड्राइव) सौंपा गया।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने बैठक में उपस्थित दलों को जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत किए गए कार्यों और ड्राफ्ट रोल के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एएसडी (एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ) वोटर्स की सूचियाँ भी उपलब्ध कराई गई हैं।

बैठक के दौरान जिले के प्रमुख राजनीतिक दलों ने प्रशासन द्वारा अपनाई गई पारदर्शी प्रक्रिया की सराहना की। राज्य मंत्री एवं नगर विधायक जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि उन्हें ड्राफ्ट रोल की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी मिल गई है, और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई एएसडी वोटर्स की सूची से वे पूरी तरह संतुष्ट हैं। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने कहा कि फॉर्म-6 और एएसडी सूचियों की जानकारी देने से उन्हें प्रक्रिया में विश्वास बना है। वहीं बसपा जिला अध्यक्ष मूलचंद उसरारा ने 142 नए मतदान केंद्रों के गठन और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सराहा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों का पुनर्गठन कर जिले में 142 नवीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 861 हो गई है। इस पुनर्गठन के बाद कामां क्षेत्र में बूथ 250 से बढ़कर 301, नगर क्षेत्र में 233 से बढ़कर 292 और डीग-कुम्हेर क्षेत्र में 236 से बढ़कर 268 हो गए हैं।

विशेष रूप से, मतदाता सूची में दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया 16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक चलेगी। 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा 1 अप्रैल, 1 जुलाई या 1 अक्टूबर 2026 को विशेष अभियान के तहत अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। अंतिम प्रकाशन 14 फरवरी 2026 को किया जाएगा।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, निर्वाचन शाखा के अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story