भरतपुर। गोवर्धन के राधा कुण्ड स्थित आदि गौड़ विद्यालय प्रांगण में श्रीमती सुशीला सिंह की स्मृति में आयोजित अखिल भारतीय पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के दूसरे दिन शनिवार को खेल के मैदान में अद्भुत दृश्य देखने को मिला। उत्तर प्रदेश पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में हो रही इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न प्रांतों से आए महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने स्कॉट, बेंच प्रेस और डेड लिफ्टिंग में अपना दमखम दिखाते हुए कई पुराने कीर्तिमानों को ध्वस्त किया। चैंपियनशिप के आयोजन सचिव मनीषभान सिंह धाऊ ने बताया कि यूथ, जूनियर, ओपन और मास्टर्स वर्ग में आयोजित इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का प्रदर्शन अत्यंत उत्साहजनक रहा।

प्रतियोगिता में निर्णायकों की भूमिका रंजीता भट्टाचार्य, एम.डी. मिराज, जगदीप शर्मा, मानव सरकार, आकाश कुशवाहा और सुरजाकांत उदास ने कुशलतापूर्वक निभाई। आयोजन को सफल बनाने में नरेंद्र पचौरी, संजीव चीनिया, पूर्व खेल अधिकारी निरंजन सिंह और सूरजभान तिवारी का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है। शनिवार को घोषित परिणामों में ओपन वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में गुजरात के अफजल छीपा ने स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया। वहीं, यूथ वर्ग के 55 किलोग्राम भार वर्ग में वेस्ट बंगाल के अभिलाष चक्रवर्ती ने स्वर्ण पदक जीता और छत्तीसगढ़ के अनीश गुप्ता ने रजत पदक अपने नाम किया। बालिका वर्ग में 48 किलोग्राम भार वर्ग में वेस्ट बंगाल की पूर्णिमा ने स्वर्ण पदक अर्जित किया, जबकि 44 किलोग्राम वर्ग में उड़ीसा की हसीना नायक ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसी क्रम में, यूथ बालिका वर्ग के 48 किलोग्राम भार वर्ग में राजस्थान की प्रिया मिश्रा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। बालक वर्ग के 62 किलोग्राम भार में पंजाब के गुरु कृपाल सिंह ने स्वर्ण पदक और वेस्ट बंगाल के निकेश ने रजत पदक जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

इस शक्ति और कौशल के महाकुंभ का समापन और पुरस्कार वितरण समारोह रविवार सायं 6 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे। यह चैंपियनशिप न केवल खिलाड़ियों के लिए एक मंच है, बल्कि खेल जगत में नए कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story