आखातीज पर डिग्गी कल्याणजी में 11 कन्याओं का होगा निःशुल्क कन्यादान
अक्षय तृतीया पर कल्याण धणी सर्व-धर्म सेवा फाउन्डेशन द्वारा 48वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संपन्न कराए जाएंगे।

कल्याण जी: अक्षय तृतीया के पावन और अबूझ सावे के शुभ अवसर पर डिग्गी कल्याण धणी की पवित्र धरा पर ग्यारह कन्याओं के हाथ पीले होंगे। यह पुनीत कार्य कल्याण धणी सर्व-धर्म सेवा फाउन्डेशन एवं स्व. श्री शिवदत्त पांडे थानेदार मेमोरियल भुसावर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। स्थानीय गौड ब्राह्मण समाज धर्मशाला में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में सर्व समाज की ग्यारह कन्याओं का निःशुल्क कन्यादान कल्याण धणी के आशीर्वाद से संपन्न होगा।
इस वैवाहिक अनुष्ठान की सफलता के लिए स्व. श्री शिवदत्त पांडे थानेदार मेमोरियल भुसावर के संयोजक, जम्बूदीप पदम श्री इंजी. नरेन्द्र कुमार पांडेय एडवोकेट अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ गोविंद ग्रुप रेनवाल के चेयरमैन श्री श्रवण कुमार बुरडक, निवारू व्यापार मण्डल के पूर्व अध्यक्ष श्री धौलूराम मीणा, और तेली पिछड़ा वैश्य विकास सेवा समिति महासभा राजस्थान के अध्यक्ष श्री गोविन्द साहू भी कल्याण धणी सर्व-धर्म सेवा फाउन्डेशन के इस साझा प्रयास में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नव दम्पतियों को अपना स्नेहिल आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच के संयोजक एवं ईस्ट वेस्ट ला फर्म नेपाल काठमाण्डू के डाॅ. कुलदीप शर्मा एडवोकेट ने इस सेवा कार्य की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विश्वरत्न स्व. श्री महावीर प्रसाद टोरडी द्वारा वर्ष 2010 में कल्याण धणी सर्व-धर्म सेवा फाउन्डेशन की नींव रखी गई थी। तब से ही यह संस्था विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर सर्व समाज की कन्याओं के विवाह का दायित्व निर्वहन कर रही है। फाउन्डेशन के संयोजक प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि आयोजन की परंपरा के अनुरूप, सर्वप्रथम कल्याण धणी के पावन दरबार में वर-वधू द्वारा ढोक लगाकर कार्यक्रम का मंगल शुभारंभ किया जाता है।
संयोजक इंजी. नरेन्द्र कुमार पांडेय एडवोकेट ने भावुक स्वर में कहा कि आर्थिक रूप से पिछड़े परिवारों और बेसहारा कन्याओं की गृहस्थी का सपना कल्याण धणी के आशीर्वाद से ही साकार होता है। इस वर्ष आखातीज पर आयोजित होने वाला यह 48वां निःशुल्क कन्यादान कार्यक्रम है, जो बिना किसी बाधा के निरंतर अपनी सेवा यात्रा जारी रखे हुए है। कार्यक्रम के दौरान सभी ग्यारह जोड़ों का पाणिग्रहण संस्कार पूर्णतः सनातन रीति-रिवाज और वैदिक मंगलाचरण के साथ संपन्न किया जाएगा, जो न केवल सामाजिक समरसता का उदाहरण पेश करेगा, बल्कि अभावग्रस्त परिवारों के लिए एक बड़ा संबल बनेगा।

Mohan Joshi, Bharatpur
नाम: मोहन लाल जोशी
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भरतपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): तहसील रिपोर्टिंग, क्राइम (अपराध), एग्रीकल्चर फार्मिंग (कृषि), प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनसमस्याएं
परिचय एवं अनुभव
मोहन लाल जोशी को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में एक लंबा और विविध अनुभव है। वह वर्तमान में भरतपुर क्षेत्र से विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर रिपोर्टिंग कर रहे हैं। उनके करियर का विवरण निम्नलिखित है:
- राजस्थान पत्रिका: इन्होंने 10 वर्षों तक राजस्थान पत्रिका में अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ मुख्य रूप से क्राइम, एग्रीकल्चर फार्मिंग और जन समस्याओं से संबंधित विषयों पर विस्तृत कवरेज की।
- ईटीवी राजस्थान (जयपुर): 14 साल पहले इन्होंने ईटीवी राजस्थान, जयपुर के साथ काम किया।
- शेर-ए-हिंदुस्तान: इस मीडिया संस्थान के साथ भी काम करने का अनुभव।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
मोहन लाल जोशी शैक्षणिक और तकनीकी रूप से पत्रकारिता में उच्च योग्यता रखते हैं:
- स्नातक (Graduation)
- बीजेएमसी (BJMC): बैचलर ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन
- पीएचडी (Ph.D.): पत्रकारिता (Journalism) में उनकी पीएचडी वर्तमान में जारी है।
