राज्य सरकार के दो वर्ष के सफल कार्यकाल की पूर्णता और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार को भरतपुर एवं डीग जिलों में सेवा और मानवता का अनुकरणीय उदाहरण देखने को मिला। जिला प्रशासन भरतपुर एवं डीग के संयुक्त तत्वावधान में कुल 16 स्थानों पर आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 1291 यूनिट रक्तदान किया, जिससे यह आयोजन एक व्यापक जनआंदोलन के रूप में उभरा।

इन शिविरों में सामाजिक संस्थाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं और महिलाओं की सक्रिय सहभागिता रही। भरतपुर स्थित यूआईटी ऑडिटोरियम में आयोजित शिविर का जिला कलक्टर कमर चौधरी ने अवलोकन किया और रक्तदाताओं की हौसला अफजाई करते हुए अन्य लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि नियमित अंतराल पर किया गया रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा करता है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। उन्होंने युवाओं से भ्रांतियों से दूर रहकर समय-समय पर रक्तदान करने का आह्वान किया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी ने भी शिविरों का निरीक्षण किया और कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान गंभीर रोगियों के लिए जीवनदायी सिद्ध होता है। ऐसे आयोजन समाज में मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने स्वेच्छिक रक्तदाताओं, आयोजन से जुड़ी संस्थाओं और आरबीएम ब्लड बैंक टीम के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद रामस्वरूप कोली, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अपराध अनुसंधान सेल) शंकर लाल मीना, तहसीलदार बीडीए मनीष मीना सहित चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि भरतपुर जिले में 916 यूनिट तथा डीग जिले में 375 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित शिविरों में यूआईटी ऑडिटोरियम, नगर निगम, श्री जगन्नाथ पहाड़िया मेडिकल कॉलेज, प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, उप जिला अस्पतालों और विश्वविद्यालय परिसरों में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने सहभागिता निभाई। रक्तदाताओं को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा शिविर स्थलों पर स्थापित सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने सहभागिता को स्मरणीय बनाया।

शिविरों के दौरान आरएसी, एनसीसी, स्काउट-गाइड, महिला एवं पुरुष स्वयंसेवकों सहित विभिन्न संगठनों और आम नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सरकार की वर्षगांठ और मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह रक्तदान अभियान न केवल प्रशासनिक समन्वय का उदाहरण बना, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूती प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।

Updated On
Mukesh Kumar, Bharatpur

Mukesh Kumar, Bharatpur

मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।

Next Story