डीग, 17 नवंबर। रविवार शाम लगभग 7 बजे डीग जिले के गांव खेरिया पुरोहित के पास एक दुखद घटना ने इलाके को हिला दिया। गुडगांव कैनाल की निर्माणधीन पुलिया में बाइक गिरने से 35 वर्षीय मजदूर विजेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, विजेंद्र सिंह अपने गांव खेरिया पुरोहित लौट रहे थे, जब गांव के पास निर्माणाधीन पुलिया के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें डीग अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद विजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात ही अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार दोपहर 12 बजे मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली।

ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण निर्माण स्थल पर कोई चेतावनी चिह्न या सुरक्षा उपाय नहीं लगाए गए थे। गड्ढा सड़क के बीचों-बीच खोदकर पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा था, जिससे यह घातक दुर्घटना हुई।

यह घटना स्थानीय प्रशासन और निर्माण कंपनियों की सुरक्षा प्रोटोकॉल की अहमियत को फिर से उजागर करती है। ग्रामीणों की ओर से ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story