भरतपुर, 22 नवम्बर। भारत स्काउट व गाइड राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय स्काउट गाइड जम्बूरी का रोमांच इस बार 23 से 29 नवंबर तक डिफेंस एक्सपो ग्राउंड, सेक्टर 15, वृंदावन योजना, लखनऊ में आयोजित होगा। भरतपुर और डीग जिले के स्काउट गाइडों ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए स्पेशल ट्रेन से लखनऊ की यात्रा शुरू कर दी।

सी.ओ. स्काउट भरतपुर देवेन्द्र कुमार मीना ने बताया कि इस जम्बूरी में भरतपुर और डीग जिले से कुल 5 समूह के 40 स्काउट गाइड भाग ले रहे हैं। इन समूहों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैनापुरा, भुसावर से 8 स्काउट, बाबुराम वेदांता सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरतपुर से 4 स्काउट और 8 गाइड, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (रेलवे स्कूल) भरतपुर से 2 स्काउट, मास्टर आदितेन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भरतपुर से 1 स्काउट, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पालका नगर से 5 स्काउट, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मानोता कला नगर से 3 स्काउट, रेवती देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नगर से 4 गाइड और कस्तुरबा गांधी राजकीय विद्यालय मानोता कला नगर से 4 गाइड शामिल हैं।

स्काउट गाइडों के साथ प्रभारी के रूप में प्राचार्य गोविंद सिंह, स्काउटर सुरेन्द्र जाखड़, स्थानीय संघ सचिव नगर संतशरण मिश्रा, गाइडर अंजू कुमारी, अशोक मीना और शशि कुमारी भी यात्रा में शामिल हैं। सी.ओ. गाइड कल्पना शर्मा ने बताया कि जम्बूरी से पूर्व राजस्थान राज्य मुख्यालय जयपुर के तत्वावधान में 18 से 21 नवंबर तक राज्य प्रशिक्षण केंद्र, जगतपुरा जयपुर में राज्य स्तरीय सम्मेलन शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में राजस्थान प्रदेश के 1750 स्काउट गाइडों ने राष्ट्रीय जम्बूरी में होने वाली प्रतियोगिताओं का पूर्वाभ्यास किया।

राजस्थान प्रदेश के स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य के नेतृत्व में सभी स्काउट गाइड 21 नवंबर को स्पेशल ट्रेन से खातीपुरा, जयपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुए। सी.ओ. गाइड कल्पना शर्मा के अनुसार, भरतपुर जिले की गाइड्स राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पायनियरींग और कला प्रदर्शन में राज्य गाइड गेट बनाएंगी।

भरतपुर संभाग से इस जम्बूरी में कुल 160 सदस्य भाग ले रहे हैं। सहायक राज्य संगठन आयुक्त स्काउट गिरिराज प्रसाद गर्ग ने बताया कि इनमें भरतपुर व डीग जिले से 5, सवाईमाधोपुर से 5, करौली से 3 और धौलपुर से 3 समूह शामिल हैं। इस राष्ट्रीय जम्बूरी में कलर पार्टी, बैंड प्रदर्शन, मार्चपास्ट, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, फूड प्लाजा, टेंट पिचिंग, लोक गीत और नृत्य, कैम्प फायर, सिंगल लिग, झाँकी प्रदर्शन, टेंट लेआउट, कैंप क्राफ्ट, प्रदर्शनी, एडवेंचर गतिविधियाँ और लखनऊ के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी आयोजित किया जाएगा।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story