ब्यावर जिले में आनंदपुर कालू थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरोहियों का बाड़ा स्थित एक मकान से करीब 31 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके से डोडा पोस्त की बिक्री से अर्जित 13,400 रुपये, एक विद्युत तुला और मिक्सर ग्राइंडर भी जब्त किया। मामले में 67 वर्षीय बक्साराम जाट को गिरफ्तार कर स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

राजस्थान पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी कार्यबल (एएनटीएफ) की नागौर चौकी से मिली सूचना के आधार पर आनंदपुर कालू थाना प्रभारी गणपतराम ने पुलिस दल के साथ सिरोहियों का बाड़ा स्थित मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से करीब 31 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से विद्युत तुला, मिक्सर ग्राइंडर और डोडा पोस्त की बिक्री से अर्जित 13,400 रुपये भी बरामद किए।

पुलिस ने बरामद डोडा पोस्त का बाजार मूल्य 90 हजार रुपये आंका है। इस मामले में बक्साराम पुत्र मंगला राम जाट (67) के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक पन्नाराम, आरक्षक राकेश, शैतान राम और कैलाश नाथ शामिल थे। प्रकरण का अग्रिम अनुसंधान जैतारण पुलिस थाने के उप निरीक्षक इंद्र सिंह चौहान को सौंपा गया है।

वहीं, एएनटीएफ जयपुर के महानिरीक्षक विकास कुमार, आईपीएस ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को राजधानी जयपुर में आयोजित होने वाले विभागीय समारोह में सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस की इस कार्रवाई में अवैध डोडा पोस्त की खेप के साथ बिक्री से अर्जित राशि और संबंधित उपकरण भी बरामद हुए हैं।

Next Story