ब्यावर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर की ओर से आयोजित होने वाले इन चुनावों के तहत नवसृजित जिला परिषद के 27 वार्डों, 7 पंचायत समितियों के 127 वार्डों तथा 216 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2060 वार्ड पंचों के चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया, नामांकन, मतदान और मतगणना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला कलक्टर कमलराम मीना ने रविवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित सभागार में प्रेस प्रतिनिधियों के साथ साझा की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, जिला परिषद के 27 वार्डों और 7 पंचायत समितियों के 127 वार्डों में तृतीय चरण का चुनाव 3 नवंबर और चतुर्थ चरण का चुनाव 14 नवंबर को आयोजित होगा। वहीं, 216 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 2060 वार्ड पंचों के चुनाव के लिए तृतीय चरण की मतदान प्रक्रिया 5 नवंबर तथा चतुर्थ चरण की मतदान प्रक्रिया 16 नवंबर को निर्धारित की गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी कमलराम मीना ने प्रेस प्रतिनिधियों को चुनाव की नामांकन प्रक्रिया, मतदान और मतगणना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी महिपाल सिंह भी मौजूद रहे।

इससे पहले जिला निर्वाचन अधिकारी मीना ने मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने प्रतिनिधियों को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन करने के निर्देश दिए।

मीना ने बताया कि जिले में निष्पक्ष, भयमुक्त, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से पंचायती राज चुनाव संपन्न कराने के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव कार्यक्रम के तहत विभिन्न चरणों में होने वाले मतदान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी होने के साथ ही राजनीतिक दलों को भी आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Story