बारां, 18 दिसंबर। राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सुशासन पखवाड़ा के तहत गुरुवार को बारां जिले में विकास और जनकल्याण का संदेश गांव-गांव तक पहुंचा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकाले गए सुशासन रथों के माध्यम से सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और पारदर्शी प्रशासन की जानकारी आमजन के समक्ष प्रस्तुत की गई। इन रथों ने न केवल विकास कार्यों का प्रचार किया, बल्कि ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य भी किया।

इस अवसर पर बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में संचालित विकास रथों का निरीक्षण किया। उन्होंने रथों के माध्यम से किए जा रहे प्रचार-प्रसार की जानकारी ली और मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से संवाद कर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन की पहल और विकास कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। विधायक ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और सुशासन रथ इसी दिशा में एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं।

गुरुवार को बारां-अटरू विधानसभा क्षेत्र के कासमपुरा, बरावदी, कुण्डी, ननावता, मुसईगुजरान, केरवालिया और कवाई गांवों सहित किशनगंज विधानसभा क्षेत्र के गरड़ा, बकनपुरा, खाखरा, खण्डेला और रामपुर टोड़िया में विकास रथ पहुंचे। वहीं अंता क्षेत्र के नियाना, खजूरनाकलां, बमूलिया माताजी, दुगारी और ठिकरिया, छबड़ा क्षेत्र के बंजारी, गुराड़ी, सेतकोलू, दीगोदखालसा, उतावली तथा छीपाबड़ौद क्षेत्र में भी सुशासन रथों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई।

गांवों में विकास रथों के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। रथों पर प्रदर्शित सामग्री के माध्यम से राज्य सरकार की विकास योजनाओं, पारदर्शी शासन व्यवस्था और जनहित में किए गए कार्यों को सरल और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर संतोष व्यक्त किया और इसे सरकार की सकारात्मक पहल बताया।

सुशासन पखवाड़े के तहत निकाले गए ये विकास रथ जिले में सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बने हैं। इससे न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ी है, बल्कि सरकार के प्रति विश्वास और सहभागिता भी मजबूत हुई है, जो सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story