बारां। शहर के विभिन्न मोहल्लों में बिजली चोरी के खिलाफ विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त घेराबंदी करते हुए हड़कंप मचा दिया है। जयपुर और बारां के उच्चाधिकारियों के संयुक्त निर्देशन में चली इस ताबड़तोड़ कार्यवाही ने बिजली चोरों के मंसूबों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस सघन अभियान के दौरान शहर के पांच प्रमुख इलाकों में 20 से अधिक मामले पकड़े गए, जिसके फलस्वरूप विभाग ने दोषियों पर करीब 12 लाख रुपये का भारी-भरकम जुर्माना ठोंका है।

कार्यवाही का आगाज जयपुर विजिलेंस एसई (सतर्कता) बी.एल. शर्मा और बारां एसई (O&M) नरेंद्र मोहन बिलोटिया के कड़े रुख के साथ हुआ। उनके संयुक्त निर्देशन में अधिशासी अभियंता सतर्कता कालूलाल मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने नयापुरा, तालाबपाड़ा, मेला ग्राउंड, मीट मार्केट और श्योपोरिया मस्जिद जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में एक साथ दस्तक दी। करीब चार घंटे तक चली इस मैराथन छापेमारी में टीम को कई मकानों और प्रतिष्ठानों में अवैध रूप से डाले गए आंकड़े और अवैध केबल के जरिए बिजली का दोहन होता मिला। सतर्कता विभाग की इस सक्रियता को देख कई स्थानों पर लोगों ने विरोध का स्वर भी बुलंद किया और कार्यवाही में बाधा डालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस जाब्ते और अधिकारियों की मुस्तैदी के आगे उनकी एक न चली।

तकनीकी और कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए टीम ने मौके से 200 से अधिक अवैध आंकड़े काटकर लाइन जब्त की और भारी मात्रा में बिजली की खपत करने वाले हीटरों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब्त की गई अवैध केबल और उपकरणों को निगम के नियमानुसार कब्जे में ले लिया गया है। इस पूरी कार्यवाही में सहायक अभियंता सतर्कता उमेश अग्रवाल, सहायक अभियंता बारां शहर अनुराग शर्मा, कनिष्ठ अभियंता सुनील मेहता और अजय सिंह सहित समस्त स्टाफ ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुरक्षा व्यवस्था और कानूनी प्रक्रिया को सुदृढ़ करने के लिए एपीटीपीएस थाना प्रभारी गोवर्धन सिंह मय जाब्ता मौजूद रहे।

अधिकारियों ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि ईमानदार उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए विभाग का यह 'डंडा' निरंतर चलता रहेगा। यदि दोषी उपभोक्ताओं द्वारा नियत समय सीमा के भीतर जुर्माने की राशि जमा नहीं कराई गई, तो उनके खिलाफ एपीटीपीएस थाने में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बिजली विभाग की इस कार्रवाई से पूरे बारां शहर के अवैध बिजली उपभोक्ताओं में खलबली मची हुई है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story