विद्या भारती प्रधानाचार्यों की दो दिवसीय चिंतन बैठक किशनगंज में संपन्न
आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित बैठक में शैक्षिक गुणवत्ता, संस्कार आधारित शिक्षण और आगामी सत्र की कार्ययोजना पर मंथन किया गया।

आदर्श विद्या मंदिर किशनगंज में आयोजित बैठक के दौरान मंच पर आसीन (बाएं से दाएं) कृष्ण कन्हैया पांचाल, डॉ. विमल कुमार जैन और प्रमोद कुमार राठौर।
विद्या भारती से संबद्ध विद्यालयों के प्रधानाचार्यों की दो दिवसीय सत्रारंभ चिंतन बैठक आदर्श विद्या मंदिर किशनगंज में संपन्न हुई, जिसमें शिक्षा की दिशा, गुणवत्ता और संस्कार आधारित शिक्षण व्यवस्था पर व्यापक मंथन किया गया। बैठक विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के सह मंत्री डॉ. विमल कुमार जैन के मुख्य मार्गदर्शन एवं जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर के सान्निध्य में आयोजित हुई।
बैठक संयोजक एवं प्रधानाचार्य कृष्ण कन्हैया पांचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। प्रारंभिक सत्र में जिला सचिव ने नए शैक्षणिक सत्र को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुख एवं संस्कारयुक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के साथ मूल्य आधारित शिक्षा को प्रत्येक विद्यालय में लागू करना समय की आवश्यकता है।
बैठक में गत सत्र की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी सत्र के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। विद्या आरंभ संस्कार प्रवेश उत्सव अभियान तथा अभिभावक संपर्क को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर एवं अन्य आधुनिक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने, मासिक परीक्षण, विषयवार समीक्षा तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणामों की समीक्षा करते हुए आगामी सत्र में और बेहतर परिणाम प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैठक के द्वितीय चरण में प्रांत सह मंत्री डॉ. विमल कुमार जैन ने संस्कार केंद्रों के विस्तार, समाज में सकारात्मक विमर्श निर्माण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भारत केंद्रित सकारात्मक विमर्श वर्तमान युग की आवश्यकता है और सही दिशा में किया गया चिंतन ही उत्कृष्ट परिणाम देता है।
समापन सत्र में जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि समाज जागरण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। उन्होंने प्रधानाचार्यों से आह्वान किया कि वे आचार्य, अभिभावक एवं समिति के साथ सतत संवाद बनाए रखते हुए विद्यालय की गुणवत्ता को निरंतर ऊंचाइयों तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर विद्या भारती के पदाधिकारी एवं प्रधानाचार्यों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया और पक्षियों के लिए परिंदे लगाए। बैठक का समापन आभार प्रदर्शन एवं शांति मंत्र के साथ हुआ, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन और समर्पित प्रयासों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
