विद्या भारती शिक्षा संस्थान, कोटा द्वारा आयोजित नवीन आचार्य एवं आधारभूत विषय प्रशिक्षण वर्ग में रविवार को “भारतीय ज्ञान परंपरा” विषय पर एक महत्वपूर्ण बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रांत सहमंत्री, चित्तौड़ प्रांत डॉ. विमल कुमार जैन ने भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षा व्यवस्था केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह व्यक्तित्व निर्माण, नैतिक मूल्यों के संवर्धन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रभावना के विकास का प्रभावी माध्यम रही है।

अपने संबोधन में डॉ. जैन ने वेद, उपनिषद, दर्शन, विज्ञान, गणित और भारतीय संस्कृति के क्षेत्र में देश के ऐतिहासिक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय चिंतन और ज्ञान परंपरा आज भी प्रासंगिक है तथा शिक्षकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे इसे शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाएं, जिससे विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय मूल्यों का विकास हो सके।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती स्नेहलता ने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा जीवन को समग्र दृष्टिकोण प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति में भी भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न पक्षों को महत्व देते हुए उन्हें शैक्षणिक ढांचे में समाहित किया गया है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्या भारती शिक्षा संस्थान, कोटा के जिलाध्यक्ष महावीर प्रसाद गौतम ने की। इस अवसर पर जिला सचिव सतीश कुमार गौतम, सहसचिव डॉ. महेश शर्मा सहित प्रशिक्षण वर्ग में सहभागी आचार्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. महेश शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग का मुख्य उद्देश्य नवीन आचार्यों को शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं वैचारिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें। कार्यक्रम ने भारतीय शिक्षा दर्शन की प्रासंगिकता को रेखांकित करते हुए शिक्षकों को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्रनिर्माण के प्रति नई प्रेरणा प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story