विद्या भारती का महा अभियान: राजस्थान में पूर्व छात्र पंजीयन के लिए शुरू हुआ विशेष संपर्क
विद्या भारती राजस्थान ने पूर्व छात्रों को परिवार से जोड़ने के लिए विशेष महा अभियान का आगाज किया है। 15 अगस्त तक चलने वाले इस पंजीयन अभियान में राजस्थान के लाखों पूर्व छात्र अपनी जड़ों से जुड़ेंगे। जानें क्या है इस अनूठी पहल का पूरा विवरण।

जयपुर में विद्या भारती के पूर्व छात्र परिषद कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी और सदस्य।
बारां/जयपुर। विद्या भारती राजस्थान द्वारा संचालित पूर्व छात्र पंजीयन एवं संपर्क महा अभियान के अंतर्गत जयपुर के सेवाधाम परिसर में पूर्व छात्र परिषद, जयपुर महानगर के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्रीय संगठन मंत्री गोविंद कुमार ने अभियान का मार्गदर्शन करते हुए बताया कि देशभर में 30 जून 2026 तक पूर्व छात्र पोर्टल पर 10,66,195 पूर्व छात्रों का पंजीयन किया जा चुका है। राजस्थान क्षेत्र के जयपुर, जोधपुर एवं चित्तौड़ प्रांत में अब तक कुल 93,192 पूर्व छात्रों का पंजीयन पूरा हो चुका है।
गोविंद कुमार ने बताया कि 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य राजस्थान के सभी जिलों और विद्यालयों के पूर्व छात्र परिषद कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिकाधिक पूर्व छात्रों को अपने विद्यालय और विद्या भारती परिवार से जोड़ना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर और कार्यस्थलों पर जाकर पूर्व छात्रों से आत्मीय संपर्क स्थापित करें और उन्हें संगठन की गतिविधियों से जोड़ें। अभियान की प्राथमिकताओं में प्रत्येक विद्यालय में पूर्व छात्र परिषद का गठन, विद्यालयवार पंजीयन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विशिष्ट पूर्व छात्रों से व्यक्तिगत संपर्क बनाना शामिल है।
बैठक के पश्चात पूर्व छात्र परिषद, जयपुर महानगर के कार्यकर्ताओं ने उच्च माध्यमिक बालिका आदर्श विद्या मंदिर अंबाबाड़ी, माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर मानसरोवर, सरस्वती बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जवाहर नगर और उच्च माध्यमिक आदर्श विद्या मंदिर जनता कॉलोनी, जयपुर में संपर्क किया। इस अभियान के तहत डॉ. तरुण तिवारी (आदर्श विद्या मंदिर, अलवर) और डॉ. दुर्गेश तिवारी (आदर्श विद्या मंदिर, सीकर) जैसे विशिष्ट पूर्व छात्रों से उनके कार्यस्थल पर भेंट की गई, उन्हें संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी गई और पोर्टल पर उनका पंजीयन भी कराया गया। यह जानकारी विद्या भारती बारां के जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा ने दी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
