राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यालयी शिक्षा में योग के प्रभावी समावेशन को लेकर विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित आधारभूत विषय "योग शिक्षा" की त्रिदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला कुरुक्षेत्र में सम्पन्न हुई।

यह कार्यशाला विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान, कुरुक्षेत्र में आयोजित की गई, जिसमें विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मंत्री माननीय शिवप्रसाद का पावन सानिध्य तथा अखिल भारतीय योग शिक्षा संयोजक राजेश कुमार का प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

कार्यशाला में योग शिक्षा के पालक अधिकारी शिव प्रसाद ने भारतीय संस्कृति, योग की जीवनोपयोगिता तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप विद्यालयी शिक्षा में योग के प्रभावी समावेशन पर अपने विचार रखे। वहीं राष्ट्रीय संयोजक राजेश कुमार ने बताया कि योग शिक्षा पाठ्यक्रम केंद्रित यह राष्ट्रीय कार्यशाला भारतीय ज्ञान परंपरा, योग साधना और विद्या भारती के लक्ष्य के विभिन्न आयामों पर आधारित रही।

कार्यशाला में योग शिक्षा को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक, व्यवहारिक एवं संस्कारप्रधान बनाने के लिए विस्तार से विचार विमर्श किया गया। इस दौरान योग शिक्षा के पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, अभ्यास क्रम, मूल्यांकन तथा विद्यालयों में प्रभावी योग शिक्षा की योजना तैयार की गई।

विद्या भारती संस्कृति शिक्षा संस्थान कुरुक्षेत्र के प्रबंधक सुधीर कुमार एवं विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्र संयोजक राजेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन एवं भारतीय जीवन मूल्यों से योग को जोड़ने की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।

इस राष्ट्रीय कार्यशाला के माध्यम से विद्यालयों में योग शिक्षा को व्यवस्थित, वैज्ञानिक और प्रभावी रूप से लागू करने की दिशा में विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story