आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026’ की व्यापक तैयारियों को लेकर विद्या भारती शिक्षा संस्थान, बारां द्वारा आदर्श विद्या मंदिर, अटरू में जिला स्तरीय वृहद योजना बैठक एवं अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाते हुए इसे ‘जन-व्याप्ति’ प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम विद्या भारती योग शिक्षा, राजस्थान क्षेत्र के क्षेत्रीय योग प्रमुख राजेन्द्र शर्मा के मुख्य मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संयमित और संतुलित बनाने की एक प्रभावी पद्धति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्या भारती का ध्येय योग के लाभ को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है।

बैठक के दौरान जिला योग प्रमुख सत्यनारायण पांचाल ने उपस्थित सभी शिक्षक-आचार्यों को योग दिवस के आधिकारिक ‘योग प्रोटोकॉल’ का सामूहिक अभ्यास करवाया। उन्होंने आगामी कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों के साथ-साथ राजकीय एवं निजी विद्यालयों में भी योगाभ्यास सुनिश्चित करने हेतु विशेष टीमों का समन्वय किया जाएगा। इसके अतिरिक्त संस्थान द्वारा गोद लिए गए ‘पोषक ग्रामों’ में घर-घर जाकर योग के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक संकुल स्तर पर प्रशिक्षित आचार्यों की टोलियों का चयन भी किया गया है।

इस महत्वपूर्ण बैठक में बारां जिले के विभिन्न विद्यालयों के संस्था प्रधान, संकुल योग प्रमुख तथा प्रभारी आचार्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी प्रतिभागियों ने 21 जून को योग दिवस को उत्सव के रूप में मनाते हुए इसे जन-व्यापी अभियान बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय योग प्रमुख राजेन्द्र शर्मा ने पुनः जोर देते हुए कहा कि लक्ष्य केवल विद्यालय परिसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि योग को हर गाँव और हर घर की देहरी तक पहुंचाना है। यह पहल योग को व्यापक सामाजिक आंदोलन में परिवर्तित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story