देवरी में विद्या भारती द्वारा नवीन शिशु वाटिका का शुभारंभ जल्द
बारां के देवरी कस्बे में संस्कारयुक्त शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्या भारती शिक्षा संस्थान आगामी 20 मई को नवीन शिशु वाटिका का विधिवत शुभारंभ करेगा।

देवरी के गोयल साहब के बाड़े में आयोजित बैठक के दौरान विद्या भारती के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर (बीच में), जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा (बाएं) और अन्य सदस्य नवीन शिशु वाटिका की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए।
देवरी (बारां) में बदलते शैक्षिक परिवेश के बीच भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों पर आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विद्या भारती शिक्षा संस्थान, बारां द्वारा नवीन शिशु वाटिका के शुभारंभ की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इसी क्रम में बुधवार को कस्बे के हित चिंतकों की एक महत्वपूर्ण बैठक गोयल साहब के बाड़े में आयोजित की गई, जो विद्या भारती के जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर एवं जिला सचिव राजेंद्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। बैठक में जिला शिशु वाटिका प्रमुख गिरिराज वर्मा तथा स्वामी विवेकानंद उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार नामा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर ने विद्या भारती की रीति-नीति, उद्देश्य एवं कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि शिशु वाटिका केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बालकों के सर्वांगीण विकास का आधार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां बच्चों में प्रारंभ से ही भारतीय संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति एवं नैतिक मूल्यों का विकास सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी 20 मई 2026 को “विद्यारंभ संस्कार” के साथ इस नवीन शिशु वाटिका का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा, जिससे बच्चों के जीवन में शिक्षा के प्रथम चरण को संस्कारयुक्त एवं प्रेरणादायी आधार प्राप्त होगा।
बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं एवं दायित्वों का निर्धारण किया गया। अंत में आभार एवं शांति मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ। यह पहल क्षेत्र में संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
