सामाजिक सरोकारों के लिए प्रचार विभाग की भूमिका अहम: डॉ. विमल जैन
बूंदी के आदर्श विद्या मंदिर में जिला स्तरीय प्रचार प्रमुखों की बैठक आयोजित, डॉ. विमल जैन ने भारतीय केंद्रित शिक्षा और संस्कार को जनव्यापी बनाने पर दिया जोर।

बूंदी के आदर्श विद्या मंदिर नैनवां मार्ग में बुधवार को आयोजित जिला स्तरीय बैठक के दौरान मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन करते अतिथि और उपस्थित प्रचार प्रमुख।
बारां। विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय नैनवां मार्ग, बूंदी के सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय प्रचार प्रमुखों की बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सामाजिक सरोकारों को जनव्यापी बनाने में प्रचार विभाग की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला स्तरीय प्रचार विभाग बैठक में सोशल मीडिया पर मंथन
जिला प्रचार प्रमुख प्रहलाद गौतम ने बताया कि बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं भारत माता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के साथ हुआ। बैठक में प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. विमल जैन, प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख राजेंद्र कुमार शर्मा, जिला सचिव गोपाल सिंह तथा जिला बूंदी के समस्त विद्यालयों के प्रचार प्रमुख उपस्थित रहे।
विद्या भारती के प्रचार विभाग का स्वरूप और उद्देश्य
प्रथम सत्र में डॉ. विमल जैन ने विद्या भारती के प्रचार विभाग के स्वरूप, उद्देश्य एवं कार्यविस्तार पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "प्रचार विभाग का मूल उद्देश्य भारतीय केंद्रित शिक्षा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों को समाजव्यापी बनाना है।" उन्होंने कहा कि समाज की सकारात्मक सोच को सही दिशा देना और सज्जन शक्ति को राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ना प्रचार विभाग का दायित्व है।
सोशल मीडिया और प्रभावी प्रेस विज्ञप्ति पर कार्यशाला
द्वितीय सत्र में प्रांत सोशल मीडिया प्रमुख राजेंद्र कुमार शर्मा ने प्रचार विभाग के दैनिक कार्यों, समाचार संकलन, फोटो चयन, कैप्शन लेखन, सोशल मीडिया प्रस्तुतीकरण तथा प्रभावी प्रेस विज्ञप्ति लेखन के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रहित के सकारात्मक विमर्शों को समाज तक पहुँचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। बैठक में समाचार लेखन की सावधानियाँ, तथ्यपरकता, भाषा शैली, समयबद्धता तथा फोटो प्रेषण की तकनीकी बारीकियों पर भी चर्चा की गई। अंत में जिला सचिव गोपाल सिंह ने आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
