बारां। विद्या भारती शिक्षा संस्थान, बारां जिला की जिला साधारण सभा उत्साह, संगठनात्मक गरिमा और प्रेरक वातावरण में संपन्न हुई। सभा में मुख्य मार्गदर्शन प्रदान करते हुए विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के मंत्री प्रोफेसर सुरेंद्र जी अरोड़ा ने विद्या भारती के लक्ष्य, उद्देश्य और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

शिक्षा को समाज से जोड़ने का आह्वान

प्रोफेसर सुरेंद्र जी अरोड़ा ने कहा कि "वर्तमान समय में शिक्षा को समाज से और अधिक जोड़ने की आवश्यकता है, इसलिए सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा प्रत्येक दायित्ववान कार्यकर्ता में दायित्वबोध जागृत करने का सतत प्रयास होना चाहिए।" उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि "विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र न रहकर संस्कार, संगठन और सामाजिक चेतना के प्रेरक केंद्र बनें।" उन्होंने नवीन शिक्षण सत्र को प्रभावी बनाने, शिशु वाटिका से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं तक गुणवत्ता युक्त शिक्षण, अभिभावक संपर्क तथा समाज आधारित गतिविधियों को गति देने पर बल दिया।

आगामी वर्ष की दिशा और कार्यसंस्कृति

सभा की अध्यक्षता विद्या भारती कोटा के अध्यक्ष एवं प्रांत कार्यकारिणी सदस्य महावीर प्रसाद गौतम ने की। अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि "साधारण सभा केवल औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि आगामी वर्ष की दिशा और कार्यसंस्कृति निर्धारित करने का महत्वपूर्ण मंच है।" बैठक में वार्षिक पंचांग का विमोचन, गत बैठक के कार्यवृत्त का वाचन, आगामी कार्य योजना, बजट अनुमोदन, शिशु वाटिका संचालन, नवीन शिक्षण सत्र की तैयारियां तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चिंतन एवं सर्वसम्मति से निर्णय हुए।

देवरी में नवीन शिशु वाटिका का निर्णय

जिला मंत्री अशोक योगी ने जानकारी देते हुए बताया कि संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर देवरी शाहाबाद में नवीन शिशु वाटिका प्रारंभ करने की योजना बनी। संस्कारवान पीढ़ी का निर्माण विद्या भारती का लक्ष्य बताते हुए विद्यालयों में छात्र संख्या वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, संस्कारात्मक गतिविधियों तथा प्रबंध समितियों की सक्रिय भूमिका पर भी विस्तृत चर्चा की गई। जिला अध्यक्ष प्रमोद कुमार राठौर ने आगंतुक सभी महानुभावों, प्रांत पदाधिकारियों, समिति सदस्यों एवं आचार्य बंधुओं का आभार व्यक्त किया। सभा में जिले के विभिन्न विद्यालयों के पदाधिकारी, प्रबंध समिति सदस्य, प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और राष्ट्रगान के साथ बैठक का समापन हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story