बारां। देश की सुरक्षा और भारतीय वायुसेना के गौरव को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले हाड़ौती के वीर सपूत विंग कमांडर अनिमेष पाटनी को उनकी असाधारण वीरता और अदम्य साहस के लिए प्रतिष्ठित वीरता सम्मान “वीर चक्र” से अलंकृत किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।





विंग कमांडर अनिमेष पाटनी को यह सम्मान ऑपरेशन सिंदूर के दौरान प्रदर्शित किए गए उनके असाधारण साहस और उत्कृष्ट सैन्य नेतृत्व के लिए दिया गया। अभियान के दौरान उन्होंने भारतीय वायुसेना के गौरव और राष्ट्र की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए दुश्मन के विमानों को निशाना बनाया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उन्होंने एक दुश्मन विमान को 314 किलोमीटर की दूरी से मार गिराकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसे अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धियों में माना जा रहा है।

उनकी इस वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को देश की रक्षा में एक निर्णायक योगदान के रूप में देखा जा रहा है। विषम परिस्थितियों में उनके साहसिक निर्णय और सैन्य दक्षता ने भारतीय वायुसेना की क्षमता और संकल्प को एक बार फिर उजागर किया।

विंग कमांडर पाटनी की इस उपलब्धि पर बारां सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है। इंटैक बारां चैप्टर की एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन विष्णु साबू, देवेंद्र अदलक्खा, रामदास शर्मा, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के बारां जिलाध्यक्ष हरिओम अग्रवाल, सचिव जगदीश शर्मा, राजेंद्र शर्मा और महेंद्र शर्मा कस्तूरी सहित कई लोगों ने उनके बड़े भाई एवं इंटैक सदस्य प्रशांत पाटनी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

वहीं संभाग की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था युवा मंडल संस्थान के प्रांतीय सचिव जितेंद्र शर्मा ‘पम्मी’ ने कहा कि बारां जिले के कुंजेड निवासी विंग कमांडर पाटनी की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का विषय है। उनकी वीरता ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि भारतीय सेना के जवान राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर चुनौती का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहते हैं।

वीर चक्र भारतीय सैन्य परंपरा में असाधारण साहस और अदम्य वीरता के लिए प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित वीरता सम्मानों में से एक है। विंग कमांडर अनिमेष पाटनी की यह उपलब्धि न केवल हाड़ौती बल्कि पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक बन गई है।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story