बारां। शहर के अस्पताल रोड स्थित भूरालाल जी की धर्मशाला में भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार की अगुवाई में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई। इसके पश्चात केक काटकर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा विशेष आमंत्रित सदस्य चंद्रप्रकाश विजय, कार्यकारिणी सदस्य अजीत सिंह माथनी, पूर्व विधायक नंदलाल मीणा, हेमराज मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, वरिष्ठ नेता प्रेमनारायण सोनी, रामस्वरूप यादव, जिला संगठन सह-प्रभारी गौरव शर्मा, जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया, महावीर सिंह हाड़ा सहित कई वरिष्ठ नेता मंचासीन रहे।

वसुंधरा राजे का सांगठनिक कौशल और विकास की नींव

भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि "वसुंधरा राजे ने वर्ष 1989 में बारां जिले की संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाली और यहां के अनेक कार्यकर्ताओं व नेताओं को मार्गदर्शन देकर आगे बढ़ाया।" उन्होंने कहा कि बारां और झालावाड़ के विकास की मजबूत नींव पूर्व मुख्यमंत्री राजे ने ही रखी, आज जिले में जो भी बड़े विकास कार्य दिखाई देते हैं, उनमें उनका महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “मैं जो कुछ भी हूं, वह पूर्व मुख्यमंत्री राजे की देन है, उन्होंने ही मुझे उंगली पकड़कर चलना सिखाया।”

क्षेत्र के कायाकल्प में राजे का ऐतिहासिक योगदान

प्रदेश भाजपा विशेष आमंत्रित सदस्य चंद्रप्रकाश विजय ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए। "उन्होंने परवन सिंचाई परियोजना की नींव रखी, बाढ़ बचाओ योजना के अंतर्गत शहर में डाइवर्जन के करोड़ों रुपये के कार्य कराए तथा शहीद राजमल मीणा जिला अस्पताल में भी करोड़ों रुपये के विकास कार्य उनकी ही देन हैं।" जिला संगठन सह-प्रभारी गौरव शर्मा ने जिला कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि व्यक्ति की पहचान उसके कार्यों से बनती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 में वसुंधरा राजे के नेतृत्व वाली सरकार ने बारां और झालावाड़ जिले का कायाकल्प किया। उन्होंने राजमाता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए संगठन के प्रति समर्पण का भाव बनाए रखा है। उन्होंने आगामी पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों पर जोर देते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने का आह्वान किया।

मातृशक्ति का सम्मान और प्रशिक्षण कार्यशाला

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में पार्टी की मातृशक्ति चित्रा जैन, कलावती धाकड़ और रेखा शर्मा का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण तथा भारत माता पूजन व गणेश वंदना व पूजन से हुआ। इस दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत जिले की कार्यशाला का भी आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश मीणा, वरिष्ठ नेता प्रेमनारायण सोनी, पूर्व विधायक हेमराज मीणा एवं रामस्वरूप यादव ने भी संबोधित किया। समारोह का संचालन जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने किया।

दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि और उपस्थिति

कार्यक्रम के अंत मे विगत दिनों दिवंगत हुए भाजपा व विचार परिवार के ओमप्रकाश नंदवाना, विष्णुदत्त नंदवाना, गुणमाला टोंग्या, वरिष्ठ भाजपा नेता हिम्मत सिंह सिंघवी, अनोखबाई शर्मा अंता, कुलदीप सिंह बारां, कैलाश चंद्र गौतम बारां को दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर पूर्व महामंत्री ब्रह्मानन्द शर्मा, चंबल परियोजना सभापति सुनील गालव, जेड आर यू सी सी के सदस्य धीरज गुप्ता तेज, जिला उपाध्यक्ष निर्मल माथोड़िया, गोविंद सिंह चौहान, हेमंत नागर मुकेश केरवालिया, रूप सिंह लोधा, जिला मंत्री राजसिंह ठीकरिया, प्रियंका शर्मा, मुकेश राठौर, विष्णु गुप्ता, द्वारका प्रसाद मेहता, कोषाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, काका बजरंग लाल धाकड़, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहित नागर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश हाड़ा, शहर अध्यक्ष ओ.पी. पारेता, देहात अध्यक्ष अमरदीप केदाहेड़ी, मंडल अध्यक्ष पवन गंदोलिया, राहुल नागर, वीरेंद्र हाड़ा, खेमसिंह डागर, पूर्व प्रधान हेमराज चोपदार, हेमंत शर्मा, बद्री प्रसाद मेघवाल, रामेश्वर शर्मा फतेहपुर, पुष्पदयाल मीणा, मुकेश नागर, योगेश गौतम, जिला मीडिया संयोजक सचिन सनाढ्य, कैलाश शर्मा, विकास शर्मा विक्की, जिला प्रवक्ता भानु प्रताप, राजेंद्र तोमर, मोना जैन, रामसागर मेघवाल, राधा शर्मा, श्वेता अदलक्खा सहित इत्यादि उपस्थित रहे।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story