बारां में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान शुरू, पीडब्ल्यूडी ने की सफाई
बारां जिले में विश्व पर्यावरण दिवस तक चलने वाले अभियान के तहत सार्वजनिक निर्माण विभाग ने प्राचीन जल स्रोतों की सफाई और पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई शुरू की।

बारां जिले के छीपाबड़ौद में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत प्राचीन बावड़ी की सफाई और गाद निकालने का कार्य करते विभागीय कर्मचारी।
विश्व पर्यावरण दिवस तक जिलेभर में चल रहे वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण, साफ-सफाई, मरम्मत और वृक्षारोपण को लेकर व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। गुरुवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग ने अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए कई स्थानों पर साफ-सफाई, जल रिचार्ज और पौधारोपण संबंधी कार्य शुरू किए।
अधीक्षण अभियंता हुकम चन्द मीना ने छीपाबड़ौद डाक बंगले से अभियान की शुरुआत की। इस दौरान राजकीय भवनों की साफ-सफाई करवाई गई तथा पानी रिचार्ज और पौधारोपण के लिए गड्ढों की खुदाई कर अभियान को गति दी गई। इसके बाद अटरू सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय, बारां के भवन, अन्ता बाईपास रोड, बारां-शहर से कोटा रोड, छबड़ा, मांगरोल और शाहाबाद क्षेत्र में भी अभियान चलाया गया। अधिशाषी अभियंता बसन्त कुमार गुप्ता ने विभागीय कार्यालयों की साफ-सफाई करवाई और अभियान की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
सार्वजनिक निर्माण खण्ड शाहाबाद के अधीन डांग बंगला, सार्वजनिक निर्माण विभाग कार्यालय, उपखण्ड अधिकारी कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय, अतिरिक्त जिला कलक्टर कार्यालय और सहरिया परियोजना अधिकारी कार्यालय में साफ-सफाई अभियान चलाया गया। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग उपखण्ड किशनगंज और केलवाड़ा क्षेत्र के तहसीलदार कार्यालय, उपखण्ड अधिकारी कार्यालय और सीएचसी कार्यालय में भी सफाई कार्य किए गए। शाहाबाद खण्ड में वृक्षारोपण के लिए प्रस्तावित स्थलों पर कुल 1050 गड्ढों की खुदाई का कार्य पूर्ण किया गया।
अभियान के दौरान अधिशाषी अभियंता बसन्त कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता संदीप कुमार, सुमरत लाल मीणा, कृष्णकान्त मेहता, कनिष्ठ अभियंता दिवेश अग्रवाल, नेतराम गुर्जर, नरेश कुमार सहित विभागीय स्टाफ मौजूद रहा।
अभियान के तहत आगामी दिनों में भी विभिन्न विभागों द्वारा गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शुक्रवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण और राजीविका द्वारा प्राचीन तालाबों और जोहड़ों की साफ-सफाई व मरम्मत, ग्रामों के जल स्रोतों की मैपिंग, सोख्ता गड्ढों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई तथा राजीविका कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही मनरेगा और वीबी जी राम जी योजना के तहत 1.20 लाख शेष कार्यों का जल संचय जन भागीदारी 2.0 पोर्टल पर इन्द्राज किया जाएगा।
शनिवार को जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान 2.1 और 2.2 के पूर्ण कार्यों का अवलोकन और लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही 2.2 और 2.3 के नवीन कार्यों की स्वीकृति, औरण-चारागाहों का चिन्हीकरण, पौधारोपण और घास बुआई की तैयारी, बीज बैंकों में गतिविधियां तथा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत पौधारोपण की तैयारियां की जाएंगी। ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर जल चौपाल आयोजित कर जल संग्रहण और संरक्षण कार्यों पर चर्चा भी होगी। विभागीय योजनाओं के शेष कार्यों का जल संचय जन भागीदारी 2.0 पोर्टल पर इन्द्राज भी किया जाएगा।
जिलेभर में संचालित यह अभियान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर बड़े प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
