राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 25 मई 2026 से 05 जून 2026 तक ‘वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा। इस जन अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ 25 मई 2026 को प्रातः 9ः00 बजे मनिहारा तालाब, बारां पर किया जाएगा, जहां जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में विविध कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान के तहत कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षा विभाग के तत्वावधान में समस्त राजकीय एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की प्रभात फेरी से होगी, जो प्रातः 6:00 बजे निकाली जाएगी। इसके साथ ही राजीविका द्वारा लगभग 150 महिलाओं की कलश यात्रा प्रातः 9ः00 बजे मनिहारा तालाब पर आयोजित की जाएगी, जबकि प्रातः 11ः00 बजे पीपल पूजन का आयोजन निर्धारित किया गया है।

मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्रातः 9ः00 बजे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन की उपस्थिति में जल संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी, जिससे जल संरक्षण के प्रति सामूहिक जागरूकता और प्रतिबद्धता को बल मिलेगा। कार्यक्रम स्थल पर वन विभाग द्वारा 10 पौधों का रोपण किया जाएगा तथा सभी पौधों पर ट्री-गार्ड लगाए जाएंगे। अतिथियों को तुलसी का पौधा भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जन-सहभागिता के माध्यम से जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति व्यापक जन-जागरूकता उत्पन्न करना है। उन्होंने जिले के समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से 25 मई को आयोजित कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।

यह अभियान जिले में जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है, जो सामूहिक भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में स्थायी प्रभाव स्थापित करने का प्रयास करेगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story