बारां।

कोटा रोड स्थित पब्लिक पार्क के योग क्लब में रविवार को एक महत्वपूर्ण सामूहिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जन्म जयंती को भव्य और गरिमामय रूप से मनाने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। यह बैठक योग क्लब के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गालव एवं मुख्य संरक्षक विष्णु कुमार साबु की देखरेख में आयोजित हुई, जिसमें क्लब के सभी सक्रिय सदस्यों ने सहभागिता निभाई।

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक वर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी 12 जनवरी को प्रातः 8 बजे स्वामी विवेकानंद उद्यान में जन्म जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में भी मनाया जाएगा, जिसके लिए कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है, ताकि युवाओं में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।

बैठक के दौरान शहर के पब्लिक पार्क की वर्तमान दुर्दशा पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। योग क्लब ने निर्णय लिया कि 1 जनवरी 2026 को नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त भुवनेश मीना को एक औपचारिक मांग पत्र सौंपा जाएगा, जिसमें पार्क की अव्यवस्थाओं को शीघ्र सुधारने की मांग की जाएगी, ताकि स्वामी विवेकानंद जी की जयंती से पूर्व पार्क को सुव्यवस्थित किया जा सके।

इस बैठक में योग क्लब के सदस्य ओमप्रकाश अदलक्खा, कमलेश तिवारी, कोषाध्यक्ष राजकुमार जैन, उपाध्यक्ष ओमप्रकाश नंदवाना, ललित कुमार जैन, नरेंद्र बत्रा, योगेश कुमरा बाटा, सत्य प्रकाश साबु, हंसराज खत्री, लाजपत अरोड़ा, पदम पिपलानी, महेंद्र पिपलानी, भगवती राठौर, रामबाबू शर्मा, ललित वैष्णव एवं विनीत अदलक्खा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के समापन पर सभी सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सार्वजनिक स्थलों की बेहतरी के लिए संगठित प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया, जिससे यह आयोजन न केवल एक समारोह बल्कि सामाजिक जागरूकता का सशक्त माध्यम बन सके।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story