बारां।

राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और युवाओं में संसदीय संस्कृति के प्रति रुचि जागृत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल होने जा रही है। सोमवार, 15 दिसंबर को राजस्थान विधानसभा में पहली बार स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा युवा संसद का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बारां जिले के चार होनहार विद्यार्थी मॉक सत्र में भाग लेकर जनप्रतिनिधियों की भूमिका निभाएंगे।

इस अभिनव कार्यक्रम के तहत प्रदेश के सभी 41 जिलों से चयनित कुल 158 विद्यार्थी विधानसभा के सदन में बैठकर वास्तविक संसदीय प्रक्रिया के अनुरूप चर्चा और तर्क-वितर्क करेंगे। शिक्षा विभाग के माध्यम से अगस्त से नवंबर के बीच कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों का चयन किया गया था। चयनित विद्यार्थियों को 11 से 14 दिसंबर तक जयपुर में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया, ताकि वे संसदीय कार्यप्रणाली, संवाद कौशल और नीति आधारित विमर्श को बेहतर ढंग से समझ सकें।

समसा कार्यक्रम प्रभारी मुनेश मीणा ने बताया कि बारां जिले से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बीलखेड़ा माल (शाहबाद) के कक्षा 12 के छात्र चतर सिंह जाटव, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बाहरी (छबड़ा) की कक्षा 12 की छात्रा जिया कश्यप, पीएम श्री स्कूल सोरसन (अंता) के कक्षा 11 के छात्र हरिओम नागर तथा कक्षा 12 की छात्रा निकिता छंदक का चयन किया गया है। इस दौरान अध्यापिका पूनम गौतम एस्कोर्ट के रूप में तथा मेंटर की भूमिका में सहभागिता निभाएंगी।

मीडिया प्रवक्ता ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि 15 दिसंबर को सुबह 11 बजे राजस्थान विधानसभा में आयोजित युवा संसद कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की राजस्थान शाखा के सचिव संदीप शर्मा की उपस्थिति में होगा। मॉक सत्र सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा, जिसमें विद्यार्थी “हमारा भविष्य हमारा निर्णय”, “किशोर-किशोरियों के सशक्त भविष्य के लिए सुदृढ़ मानसिक स्वास्थ्य” और “उचित कैरियर मार्गदर्शन की आवश्यकता” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखेंगे।

कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजस्थान विधानसभा के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा, जिसे राज्य के सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को दिखाने की व्यवस्था की गई है। यह आयोजन न केवल युवाओं को लोकतंत्र की जमीनी समझ देगा, बल्कि उन्हें भविष्य के जिम्मेदार नागरिक और नेतृत्वकर्ता बनने के लिए प्रेरित भी करेगा।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story