दिल्ली की सियासत में गूंजा ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ का संदेश, विशेष रथ के साथ उतरे गोविंद सिंह अटलपुरी
दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली में बारां के गोविंद सिंह अटलपुरी ने विशेष रथ और प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए लोकतंत्र, संविधान और वंचित वर्गों के अधिकारों का संदेश दिया। कड़कड़ाती सर्दी में उनके अनूठे प्रदर्शन और राहुल गांधी से मुलाकात ने रैली को खास बनाया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिल्ली में आयोजित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली में राजस्थान के बारां जिले से एक सशक्त और प्रतीकात्मक उपस्थिति दर्ज हुई। अटरू कस्बे से राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद सिंह अटलपुरी ने अपने क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के साथ विशेष रूप से तैयार किए गए रथ के माध्यम से इस महारैली में भाग लेकर सबका ध्यान आकर्षित किया।
कड़कड़ाती सर्दी के बीच प्रातः 11 बजे से लेकर महारैली के समापन तक गोविंद सिंह अटलपुरी ने एक अनोखे और संवेदनशील प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए देश के शोषित, वंचित, पीड़ित, दलित और आदिवासी समाज के ऐतिहासिक संघर्ष को सामने रखा। उन्होंने नंगे बदन, कमर के नीचे टाट लपेटे, नंगे पांव, गले में हांडी और हाथों में लाठी तथा “वोट चोर गद्दी छोड़” और “अपने अतीत को याद करो” जैसे स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया, जिसने रैली में मौजूद लोगों और मीडिया का ध्यान अपनी ओर खींचा।
महारैली के दौरान विभिन्न राष्ट्रीय समाचार चैनलों के संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब में गोविंद सिंह अटलपुरी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और देश के पूर्वजों के बलिदान से भारत स्वतंत्र हुआ और डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान लागू होने के बाद वंचित वर्गों को अधिकार और सम्मान मिला। उन्होंने बताया कि संविधान के तहत मिले आरक्षण से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों को सरकारी नौकरियां मिलीं और शिक्षा के माध्यम से वे मुख्यधारा में शामिल होकर प्रशासनिक व तकनीकी पदों तक पहुंचे।
अटलपुरी ने आरोप लगाया कि वर्तमान दौर में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को कमजोर कर संविधान और लोकतंत्र की मूल भावना को चोट पहुंचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वोट की पवित्रता से समझौता होने पर न केवल नागरिक अधिकारों का हनन होता है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसी संदेश के साथ उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा को आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जोड़ा।
रामलीला मैदान जाते समय गोविंद सिंह अटलपुरी की लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात हुई। राहुल गांधी के स्नेही और आत्मीय व्यवहार से अटलपुरी विशेष रूप से अभिभूत नजर आए। दिल्ली की इस महारैली में अटलपुरी की प्रतीकात्मक भागीदारी ने राजनीतिक संदेश के साथ सामाजिक चेतना को भी नई धार दी, जो लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रहेगी।
- दिल्ली वोट चोर गद्दी छोड़ महारैली गोविंद सिंह अटलपुरीबारां कांग्रेस नेता विशेष रथ रैलीअटरू से दिल्ली कांग्रेस महारैली प्रदर्शनराहुल गांधी से मुलाकात गोविंद अटलपुरीवोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस आंदोलन दिल्लीDalit rights symbolic protest Congress rally DelhiBaran Rajasthan Congress rally special chariotVote chor gaddi chhod rally Delhi CongressGovind Singh Atalpuri protest DelhiConstitution protection Congress rally IndiaAtru Baran Congress leader Delhi rallyCongress symbolic protest against vote theftRahul Gandhi meets Rajasthan Congress leader DelhiDelhi Ramlila Maidan Congress maha rally news

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
