बारां जिले के अन्ता क्षेत्र में हुई बड़ी चोरी की वारदात का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चौंकाने वाला सच सामने लाया है। जिस घर से सोने-चांदी के कीमती जेवरात और नकदी चोरी हुई, उसी परिवार से जुड़ा व्यक्ति इस अपराध का मास्टरमाइंड निकला। अन्ता थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण बरामद कर लिए हैं।

पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने बताया कि दिनांक 07 दिसंबर 2025 को फरियादी श्री अजय कोली निवासी पलायथा ने पुलिस थाना अन्ता में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि अज्ञात चोर उसके घर से तीन मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स, एक पायल, एक कनकती, एक सोने की बाली तथा 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अन्ता पर तत्काल प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया।

चोरी की वारदात के खुलासे के लिए राजेश चौधरी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां के सुपरवीजन में तथा पुष्पेन्द्र सिंह आढ़ा वृताधिकारी वृत अन्ता के निर्देशन में भुपेश शर्मा पुलिस निरीक्षक एवं थानाधिकारी अन्ता के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों को सक्रिय करते हुए संदिग्धों से गहन पूछताछ की।

जांच के दौरान तकनीकी इनपुट से यह स्पष्ट हुआ कि चोरी में कोई बाहरी व्यक्ति शामिल नहीं था, बल्कि परिवार से जुड़ा कोई व्यक्ति ही वारदात में संलिप्त था। संदेह के आधार पर परिवादी के जंवाई नरेश उर्फ गोलु से सख्ती से पूछताछ की गई, जहां उसने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उसने इस अपराध को अंजाम दिया।

पूछताछ में नरेश उर्फ गोलु पुत्र स्वर्गीय गजानंद कोली उम्र 31 वर्ष निवासी गायत्री नगर अटरू थाना अटरू ने स्वीकार किया कि उसे पहले से जानकारी थी कि फरियादी परिवार सहित बाग में रहता है और मकान अक्सर खाली रहता है। इसी का फायदा उठाते हुए उसने पूरी योजना के साथ बड़ी सफाई से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं, जबकि नकदी राशि को आरोपी द्वारा लोन की किश्त चुकाने, किराने की दुकान का बकाया देने और शराब पार्टी में खर्च करना बताया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान जारी है। यह मामला न केवल भरोसे के रिश्तों पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच से कोई भी अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं सकता।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story