सीसवाली में पेयजल संकट गहराया, भाजपा नेता विष्णु गौतम ने दी आंदोलन की चेतावनी
अंता विधानसभा क्षेत्र के सीसवाली और मांगरोल सहित कई गांवों में जलापूर्ति व्यवस्था ठप होने से जनता परेशान, समाधान न होने पर सड़क पर उतरने का अल्टीमेटम।

सीसवाली में पेयजल वितरण व्यवस्था चरमराने से हालात विकराल हो गए हैं। क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से अव्यवस्थित जलापूर्ति से परेशान हैं, जिसके चलते आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच स्थानीय भाजपा नेता विष्णु गौतम ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए तत्काल समाधान की मांग की है।
अंता विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मांगरोल कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में पेयजल समस्या गंभीर बनी हुई है। भाजपा नेता विष्णु गौतम ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव सिंहल तथा सहायक अभियंता श्वेता गर्ग को स्थिति से अवगत कराते हुए मौके पर पहुंचकर समस्या के निराकरण की मांग की।
उन्होंने बताया कि सीसवाली के कुम्हारों का मोहल्ला, कालपुरा, भैरूपुरा, मालियों का मोहल्ला, पोस्ट ऑफिस रोड सहित कई क्षेत्रों में पेयजल की अत्यधिक समस्या बनी हुई है। इसके अलावा डपटा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज बस्ती, मालियों का मोहल्ला, सोनवा, उदपुरिया, कनाडा तिसाया, पटपड़ा, शाहपुरा, कुसिया कुडला, पीपलदा, मांगरोल व बोहत सहित कई गांवों में भी जल संकट गंभीर रूप से व्याप्त है।
विष्णु गौतम ने एक्सईएन राजीव सिंहल से विभागीय टीम के साथ मौके पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण करने की मांग की, ताकि अव्यवस्थाओं और बाधाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाया जा सके और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सीसवाली एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग जलदाय विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
क्षेत्र में लगातार बनी पेयजल समस्या ने स्थानीय प्रशासन और जलदाय विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे जनता में असंतोष और आक्रोश तेजी से बढ़ रहा है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
