बारां में अंतर्राष्ट्रीय समन्वयी संत, आध्यात्मिक चिंतक एवं "मिशन ऑफ कम्युनल हार्मनी" के प्रणेता परम् पूज्यनीय श्री सिद्दीक बाबा के 84वें जन्मदिवस एवं गुरुपूर्णिमा महोत्सव का आयोजन 25 एवं 26 जुलाई को किया जाएगा। मदनी आश्रम, सत्संग मार्ग पर आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय कार्यक्रम श्रद्धा, उत्साह और सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ संपन्न होगा।

यह आयोजन श्री सिद्दीक बाबा लोक कल्याण संस्थान, बारां एवं सांप्रदायिक सद्भावना संस्थान, बारां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य संत श्री सिद्दीक बाबा द्वारा स्थापित "मिशन ऑफ कम्युनल हार्मनी" के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा मानवता, प्रेम, सेवा, करुणा, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को मजबूत करना है।

आयोजकों ने बताया कि परम् पूज्यनीय श्री सिद्दीक बाबा ने अपने जीवनभर धर्म को विभाजन का नहीं, बल्कि मानवता को जोड़ने का माध्यम माना। उन्होंने विभिन्न धर्मों, संप्रदायों और संस्कृतियों के बीच संवाद, विश्वास और भाईचारे का वातावरण बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए। उनका संदेश रहा कि "मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है तथा सभी धर्म प्रेम, करुणा और सत्य का मार्ग सिखाते हैं।" यही विचार आज भी उनके अनुयायियों के लिए प्रेरणा का आधार बना हुआ है।

25 जुलाई को गुरुदेव के जन्मदिवस के अवसर पर समाज के जरूरतमंद एवं दरिद्र नारायण की सेवा के लिए निःशुल्क वस्त्र वितरण किया जाएगा। इस सेवा कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि आध्यात्मिक साधना की सार्थकता तभी है, जब वह पीड़ित, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में आशा और सम्मान का संचार करे।

26 जुलाई को गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना एवं आध्यात्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा। इस दौरान वैदिक हवन, पवित्र कुरान शरीफ की ख्वानी, श्री गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ तथा पवित्र बाइबिल के संदेशों का वाचन किया जाएगा। यह आयोजन भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और "सर्वधर्म समभाव" की परंपरा को प्रदर्शित करेगा।

धार्मिक अनुष्ठानों के बाद भोग, अरदास एवं सर्वधर्म सद्भावना संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। संगोष्ठी में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, संत, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक अपने विचार रखेंगे। संगोष्ठी का प्रमुख विषय "मानवता, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता के निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका" रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं एवं उपस्थित नागरिकों को भोग परसादी वितरित की जाएगी। आयोजन में विभिन्न धर्मों, जातियों एवं समाजों के लोगों की बड़ी संख्या में सहभागिता की संभावना है, जिससे संत श्री सिद्दीक बाबा का सर्वधर्म सद्भाव, प्रेम और मानव एकता का संदेश समाज तक व्यापक रूप से पहुंचेगा।

संस्थान ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं, बुद्धिजीवियों एवं नागरिकों से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के इस महापर्व में सहभागी बनें तथा संत श्री सिद्दीक बाबा के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story