स्थानीय प्रशांत मति सभागार में आयोजित भव्य श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के पांचवें दिन धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी के बीच जैन संस्कार ग्रुप द्वारा महाआरती का पुण्यार्जन कर आयोजन को विशेष आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत जैन संस्कार ग्रुप की महिला सदस्यों ने सर्वप्रथम 1008 श्री पद्म प्रभु भगवान मंदिर पहुंचकर विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात मंदिर परिसर से भव्य महाआरती यात्रा का शुभारंभ किया गया। हाथों में मंगल दीप लिए श्रद्धालु जैन धर्म के जयघोष करते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। धर्म प्रभावना और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश देती यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई प्रशांत मति सभागार पहुंची।

सभागार में पहुंचने पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने बा ब्र अंशु भैया जी कोलरस वालों के सानिध्य में चतुर्मुखी भगवान की महाआरती उतारी। इस दौरान पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया। गंधकुटी के समक्ष सुसज्जित दीपकों की अलौकिक छटा और भजनों की मधुर स्वर लहरियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पंचपरमेष्ठी आरती एवं श्री सिद्ध चक्र मंडल की आरती के पश्चात इंद्र-इंद्राणियों सहित सभी भक्तों ने भक्ति गीतों पर झूमते हुए आराधना और श्रद्धा का अनुपम प्रदर्शन किया।

जैन समाज की महिला प्रतिनिधि श्रीमती मंजू गर्ग एवं संरक्षक सुजाता गोयनका ने बताया कि धार्मिक आयोजन के माध्यम से समाज में आध्यात्मिक चेतना, धार्मिक संस्कारों और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर जैन संस्कार ग्रुप की अध्यक्ष लक्ष्मी जैन, मंत्री आशा जैन, कोषाध्यक्ष अंजू जैन सहित शोभा जैन, सरिता गर्ग, ममता गोयनका, सुलेखा गोयल, मणि जैन, पूनम गोयल, इंद्रा जैन, रेखा जैन, सविता गोयल, निधि जैन, ममता बंसल, चंदा सिंघल, मीना गोयल एवं मिथलेश गोयल सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान एवं विश्व शांति महायज्ञ के अंतर्गत आयोजित इस महाआरती ने न केवल श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ने का कार्य किया, बल्कि जैन धर्म की समृद्ध परंपराओं, संस्कृति और सामूहिक आस्था की प्रभावशाली झलक भी प्रस्तुत की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story