कोटा–बारां राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़वा के समीप खेड़िया के बाग में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर सर्वेश्वरदास त्यागी जी महाराज के पावन मार्गदर्शन में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथा स्थल पर भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक वातावरण के बीच पूरा परिसर राममय हो उठा।

कथा व्यास श्याम जी ने भारतीय संस्कारों और जीवन मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एक श्रेष्ठ सनातनी समाज के निर्माण के लिए सम्पत्ति नहीं, बल्कि ‘सन्मति’ अर्थात श्रेष्ठ बुद्धि की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि अविवेकपूर्ण आचरण के कारण सम्पत्ति भी विपत्ति का कारण बन जाती है, इसलिए माता-पिता का दायित्व है कि वे अपनी संतति को संस्कारित जीवन प्रदान करें।

उन्होंने आगे कहा कि गीता और रामचरितमानस के श्लोकों एवं चौपाइयों का अर्थ सहित अध्ययन नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान कर सकता है। गीता जहां कर्मयोग की शिक्षा देकर पराजित अर्जुन को विजय पथ पर अग्रसर करती है, वहीं रामचरितमानस मर्यादा की रक्षा का संदेश देती है, जिसके माध्यम से शक्तिशाली रावण का भी अंत हुआ। उन्होंने सभी ग्रंथों का सार ‘राम नाम’ को बताते हुए कहा कि “मंत्र प्रजा हैं और राजा स्वयं श्रीराम हैं।” साथ ही उन्होंने “कलियुग केवल नाम अधारा” का उल्लेख किया।

कथा प्रसंग में दक्ष प्रजापति के अहंकार के नाश एवं माता पार्वती की कठोर तपस्या का जीवंत वर्णन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस प्रसंग ने जीवन में तपस्या और साधना के महत्व को प्रभावी रूप से रेखांकित किया।

आज की कथा के मुख्य यजमान धीरज मालव गोविन्द पुरा वाले रहे। कार्यक्रम के दौरान आचार्य परमानंद ने जानकारी दी कि बुधवार को कथा में नागरिक सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष जय नारायण हल्दिया, पूर्व डायरेक्टर महेंद्र गोयल, लीलाधर गोयल एवं जगदीश शर्मा का राधिका दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।

यह सात दिवसीय श्रीराम कथा क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक मूल्यों के पुनर्स्थापन का महत्वपूर्ण केंद्र बनती जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु निरंतर सहभागिता कर रहे हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story