शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा लि.-696 आर, कोटा-बारां के वार्षिक अधिवेशन को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था की वित्तीय प्रगति, वसूली कार्रवाई, आगामी योजनाओं और सदस्यों के हित में प्रस्तावित बदलावों की जानकारी दी गई। संस्था के संचालक मंडल ने बताया कि वार्षिक अधिवेशन रविवार को होटल द्वारिका, नेशनल हाईवे कोटा रोड, बारां में आयोजित होगा। अधिवेशन में सामान्य एवं इमरजेंसी ऋण की सीमा 4-4 लाख रुपए करने तथा आमसभा में आने वाले सदस्यों का टीए 300 से बढ़ाकर 500 रुपए करने के प्रस्ताव रखे जाएंगे।

प्रेस वार्ता में संस्था संचालक मंडल के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल, उपाध्यक्ष महेन्द्र नागर, मंत्री जमना लाल गुर्जर एवं संचालकगण श्रीमती गायत्री मीना, बारां प्रबंध संचालक श्रीमती अनुराधा शर्मा, श्रीमती पूनम गौतम, कमल कुमार शर्मा, दिनेश कुमार मीना, धर्मेंद्र कुमार मेघवाल, दिनेश कुमार नागर एवं महावीर प्रसाद मीना ने संस्था की प्रगति की जानकारी साझा की।

संस्था के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने बताया कि वार्षिक अधिवेशन के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री प्रमोद जैन "भाया", किशनगंज विधायक ललित मीणा, बारां विधायक राधेश्याम बैरवा, शिक्षा मंत्री के विशेषाधिकारी सतीश कुमार गुप्ता एवं राधाकृष्ण शिक्षा सहकारी बारां के अध्यक्ष बृजगोविन्द टेलर शिरकत करेंगे।

जायसवाल ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में संस्था ने ₹4,34,04,609 का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। आवश्यक प्रावधान करने के बाद शेष ₹2,56,08,719 के लाभ में से अंशधारकों को 4 प्रतिशत की दर से लाभांश वितरण प्रस्तावित किया गया है। संस्था लगातार 3 वर्षों से अंकेक्षण करवाकर 4 प्रतिशत की दर से लाभांश वितरित कर रही है।

उन्होंने बताया कि व्यावसायिक प्रगति के साथ संस्था सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय रही है। इनमें वन्य एवं वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण एवं जल संरक्षण, रक्तदान महादान, सड़क सुरक्षा, बाल विवाह उन्मूलन, स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ तथा विद्यालय प्रवेशोत्सव सहयोग अभियान प्रमुख हैं।

उपाध्यक्ष महेंद्र नागर ने बताया कि 23 फरवरी 2023 को नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने कार्यभार ग्रहण करते ही नए सदस्यों को सदस्यता देने का कार्य शुरू किया। कार्यभार संभालने के समय संस्था को 1374 सदस्य एवं ₹21 करोड़ की डिफ़ॉल्ट राशि विरासत में मिली थी। कार्यकारिणी के प्रयासों से वसूली कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप अब केवल लगभग 97 डिफ़ॉल्टर सदस्य शेष हैं। इनसे वसूली सुनिश्चित करने के लिए संस्था स्तर, उपरजिस्ट्रार सहकारी समितियां कोटा एवं माननीय न्यायालय के माध्यम से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी है।

मंत्री जमना लाल गुर्जर ने कहा कि संस्था के कोष का अनुचित दोहन करने वालों के खिलाफ भी पूर्व में कड़ा रुख अपनाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व अध्यक्ष एवं उनके सहयोगियों द्वारा किए गए ₹4,56,646 तथा निजी हितों के लिए किए गए ₹2,70,000 के वित्तीय घोटाले की प्राथमिकी दर्ज करवाई जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, तीन संतान होने के तथ्यों को छुपाकर संचालक मंडल में बने रहने वाले सदस्य को बर्खास्त कराया गया है। माननीय उच्च न्यायालय से प्राप्त स्थगन आदेश के निष्प्रभावी होते ही अग्रिम त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

प्रकाश जायसवाल ने बताया कि वर्तमान कार्यकाल के दौरान संस्था ने ₹5 करोड़ की अतिरिक्त सावधि जमा करवाकर सावधि जमा फंड में उल्लेखनीय वृद्धि की है। सदस्यों के लिए ऋण राशि की सीमा भी बढ़ाई गई है। सामान्य ऋण 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपए, इमरजेंसी ऋण 1.50 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपए तथा वाहन ऋण 1 लाख से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपए किया गया है। आगामी समय में सामान्य ऋण एवं इमरजेंसी ऋण की सीमा को ₹4-4 लाख करने की योजना है।

उन्होंने बताया कि आम सभा में भाग लेने आने वाले सदस्यों को टीए के रूप में 300 रुपए देने का प्रावधान है। संचालक मंडल इसे बढ़ाकर 500 रुपए करना चाहेगा। यदि आमसभा से स्वीकृति मिलती है तो अगली आमसभा में बढ़ी दर से टीए देय होगा। फिलहाल 300 रुपए ही देय होंगे।

सदस्यों की सुविधा के लिए पूर्व में जारी गुरुवार के साप्ताहिक अवकाश को समाप्त कर रविवार का अवकाश लागू किया गया है। रविवार को भी कार्यालय सुबह 11 बजे से 4 बजे तक खुला रखकर राशि जमा कराने की सुविधा दी जा रही है। राशि जमा करने के लिए ऑनलाइन लिंक एवं QR कोड की सुविधा भी शुरू की गई है।

शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां की स्थापना आजादी से पूर्व वर्ष 1943 में स्व. श्री घांसीलाल (व्यवस्थापक) द्वारा की गई थी। संस्था स्थापना काल से ही निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। संस्था के अनुसार, राजस्थान में यह एकमात्र ऐसी सहकारी संस्था है जो अपने सदस्यों को मात्र 50 पैसे मासिक ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उनकी पारिवारिक एवं सामाजिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग प्रदान कर रही है। वर्तमान में संस्था के कुल सदस्यों की संख्या 6500 है। आगामी वार्षिक अधिवेशन में प्रस्तावित ऋण सीमा, टीए और लाभांश से जुड़े निर्णय संस्था के सदस्यों के लिए प्रमुख विषय रहेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story