जिले के आदिवासी अंचल में शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के तहत पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता की रक्षा और स्थानीय जनजीवन के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से आगामी 21 मई को एक भव्य वाहन रैली एवं महारैली का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन के सदस्यों के आह्वान पर किया जा रहा है, जिसे एक ऐतिहासिक जन-आंदोलन के रूप में देखा जा रहा है।

शाहाबाद जंगल बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य एवं इंटेक के कन्वीनर जितेंद्र शर्मा पम्मी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस जन-आंदोलन के अंतर्गत शाहबाद घाटी से कस्बे तक विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी। इस रैली में क्षेत्र के किसान, आदिवासी, पर्यावरणविद्, सामाजिक संगठन, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे।

वाहन रैली के पश्चात कस्बे में नगरकोट माताजी से एसडीएम कार्यालय तक भव्य महारैली आयोजित की जाएगी, जो पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं अनुशासित रूप से संपन्न होगी। इस दौरान आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ आंदोलनकारी, पर्यावरण विशेषज्ञ एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे।

महारैली में वक्ता शाहबाद घाटी में प्रस्तावित गतिविधियों से होने वाले संभावित पर्यावरणीय नुकसान, वनों की कटाई, जल-स्रोतों पर प्रभाव, वन्यजीवों के आवासों के विनाश तथा स्थानीय समुदायों के विस्थापन जैसे गंभीर मुद्दों पर तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत करेंगे। साथ ही आंदोलन की आगामी रणनीति भी साझा की जाएगी।

शाहबाद जंगल बचाओ आंदोलन से जुड़े सदस्यों ने समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस जनहितैषी आंदोलन में सहभागी बनें और “जंगल बचाओ भविष्य बचाओ” के संकल्प को सशक्त करें। यह आंदोलन प्रकृति संरक्षण, मानवता और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story