सनाढ्य ब्राह्मण समाज बारां के अध्यक्ष बने ऋषि बल्लभ शर्मा
मुरली मनोहर मंदिर में आयोजित वार्षिक आमसभा में ऋषिबल्लभ शर्मा को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया और निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी का सम्मान किया गया।

बारां। सनाढ्य ब्राह्मण समाज (214) मुरली मनोहर मंदिर बारां की वार्षिक आमसभा का आयोजन होली पर्व के अवसर पर किया गया। इस महत्वपूर्ण आमसभा में उपस्थित समाज बंधुओं ने सर्वसम्मति से आगामी दो वर्षों के लिए ऋषिबल्लभ शर्मा को समाज का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निवर्तमान अध्यक्ष का सम्मान एवं आय-व्यय का विवरण
सभा के दौरान निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी के 10 वर्षों के सफल एवं सराहनीय कार्यकाल के लिए समाज के लोगों ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। इसी क्रम में निवर्तमान अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी ने अपने कार्यकाल का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसका उपस्थित सदस्यों ने अनुमोदन करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
सामाजिक एकजुटता और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
कार्यक्रम में समाज के सदस्य सुनील शर्मा ने "यूजीसी के काले कानून के विरोध में समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया" तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के प्रस्ताव रखे। वहीं सनाढ्य ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष कपिल देव शर्मा ने "समाज में परिचय सम्मेलन एवं सामुहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।" इस दौरान आशीष शर्मा ने विप्र सेना द्वारा 15 मार्च को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की जानकारी दी और उसके पोस्टर का विमोचन भी कराया। मुकेश शर्मा ने भी समाज में एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने पर अपने विचार व्यक्त किए।
संस्कारों की रक्षा और नवीन संकल्प
आमसभा के सभापति एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य सुरजमल शर्मा ने समाज की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए "समाज की संपत्तियों, संस्कारों और परंपराओं की रक्षा करने का आह्वान किया।" अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद ऋषि बल्लभ शर्मा ने कहा कि वे सभी समाज बंधुओं को साथ लेकर समाज के विभिन्न दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करने का प्रयास करेंगे तथा शीघ्र ही अपनी नई कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। इस वार्षिक आमसभा में बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
