बारां। सामाजिक सहभागिता, सांस्कृतिक परंपराओं और महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सखी क्लब बारां द्वारा पोषबड़ा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। शहर के एक निजी होटल में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्सव, सम्मान और सामूहिक आनंद का अनूठा संगम देखने को मिला, जहां क्लब की सदस्याओं ने परंपरागत उत्साह के साथ आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अन्ता विधानसभा उपचुनाव में ऐतिहासिक और भारी मतों से विजय प्राप्त करने पर अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया तथा जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया का भव्य स्वागत-सम्मान रहा। सखी क्लब की ओर से आतिशबाजी के बीच शॉल, श्रीफल, साफा और स्मृति चिन्ह भेंट कर भाया दंपत्ति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया, जिससे आयोजन का वातावरण उल्लास और गर्व से भर उठा।

सखी क्लब की त्रिषला जैन, मधु सोनी और मधु शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन क्लब सचिव श्रुति सिंघल की ओर से किया गया। उन्होंने कहा कि सखी क्लब मोहल्ले की महिलाओं का एक सक्रिय सामाजिक मंच है, जो आपसी सहयोग, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। पोषबड़ा महोत्सव के माध्यम से महिलाओं ने पारंपरिक पर्व को आधुनिक आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया।

महोत्सव के दौरान मनोरंजक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। ‘ओके’ प्रतियोगिता में ज्योति पारस, प्रेरणा शर्मा, मंजू बंसल और आशा विजेता रहीं, जबकि ‘फूल हाउस इन मालामाल’ प्रतियोगिता में किरण गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गिनती लेखन प्रतियोगिता में रानी प्रथम, ज्योति पारस द्वितीय और संतोष कासनीवाल तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं फिंगर ट्रिप टच प्रतियोगिता में प्रेरणा शर्मा ने प्रथम, संतोष कासनीवाल ने द्वितीय तथा चंद्रकला सेठी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्नेहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी सदस्याओं ने सहभागिता करते हुए आपसी सौहार्द और आत्मीयता का आनंद लिया। नीतू गुप्ता और चंद्रकला माथोडिया ने बताया कि इस अवसर पर श्रुति सिंघल के परिवारजनों—जयशंकर सिंघल, श्रीमती लीला सिंघल, योगेश सिंघल, श्रीमती श्रुति सिंघल, उनकी बहनें सहित विनीता विजय, डॉ. मधु गुप्ता, विमला जैन, सुनीता जैन सहित अनेक सखी क्लब सदस्याएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान सखी क्लब में नवप्रवेशी सदस्य बबीता जैन का पारंपरिक रूप से तिलक, रोली और माल्यार्पण कर स्वागत-सम्मान किया गया। यह आयोजन न केवल सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना, बल्कि महिलाओं की संगठित शक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामुदायिक एकजुटता को भी सशक्त रूप से उजागर करता नजर आया।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story