रोटरी क्लब बारां ने रविवार को मांगरोल बाईपास स्थित उम्मेद भवन के रोटरी परिसर में पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया। कार्यक्रम में क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया रहीं। रविवार को प्रातः 11 बजे वृक्षारोपण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर श्रीमती उर्मिला जैन भाया ने कहा, “वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं।”

कार्यक्रम के प्रभारी एवं क्लब कोषाध्यक्ष विवेक जैन ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर निभाई जाने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि रोटरी क्लब सेवा कार्यों के साथ-साथ हरित वातावरण के निर्माण के लिए भी लगातार प्रयास करता रहेगा।

वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत आयोजित समीक्षा बैठक में क्लब की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में रोटरी की आगामी कार्ययोजनाओं को गति देने पर विशेष जोर दिया गया। फिजियो थेरेपी मशीन स्थापना के लिए श्रीमती उर्मिला जैन भाया एवं प्रकाश टोंगिया को कार्यक्रम मार्गदर्शक मनोनित किया गया। इसके अतिरिक्त शपथ ग्रहण समारोह के आयोजन, उम्मेद भवन के रखरखाव तथा क्लब में नए सदस्यों को जोड़ने की रणनीति पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

क्लब अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार गुप्ता और सचिव महेश तिवारी ने मुख्य अतिथि श्रीमती उर्मिला जैन भाया सहित सभी उपस्थित रोटेरियन सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में त्रिवेश बरदानिया, आदित्य जैन, राकेश सेटी, सूर्य प्रकाश विजय, प्रदीप मारू एवं धीरज कुमार तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने सराहनीय योगदान दिया। सभी सदस्यों ने आयोजन के संचालन और व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोटरी क्लब की आगामी सेवा गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य को भी स्पष्ट रूप से रेखांकित किया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story