राजस्थान के सभी जिलों के आरजीएचएस दवा विक्रेता सरकार के रवैए और लंबे समय से लंबित भुगतानों को लेकर आक्रोश में हैं और 27 अप्रैल सोमवार को जयपुर में बड़े स्तर पर प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। प्रातः 9:00 बजे अशोक नगर स्थित डियर पार्क के पास, न्यू आर-एस-एच-ए ऑफिस-स्वास्थ्य भवन के समक्ष यह महा-आंदोलन आयोजित किया जाएगा।

बारां जिला दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष कृष्ण शर्मा (किशन शर्मा) ने बताया कि आरजीएचएस के लिए अधिकृत केमिस्टों द्वारा यह प्रदर्शन प्रादेशिक दवा विक्रेता समिति के तत्वावधान में किया जा रहा है। आंदोलन का नेतृत्व प्रादेशिक दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष विवेक विजयवर्गीय एवं संभागीय अध्यक्ष अभिनव पारीक करेंगे। इस दौरान राजस्थान के सभी जिलों से बड़ी संख्या में दवा विक्रेता जयपुर पहुंचकर स्वास्थ्य भवन के समक्ष अपनी मांगों को लेकर हुंकार भरेंगे।

शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूर्णतः लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आरजीएचएस के लिए अधिकृत केमिस्ट लंबे समय से अपने लंबित भुगतानों को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है और बकाया भुगतान भी नहीं किया गया है, जिससे दवा विक्रेताओं में व्यापक आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने बताया कि दवा विक्रेताओं की मुख्य मांगों में महीनों से अटके बकाया भुगतान को तत्काल जारी करना, भविष्य में भुगतान के लिए निश्चित समय सीमा तय कर समयबद्ध प्रक्रिया लागू करना तथा रिजेक्शन और पेंडिंग बिलों की स्पष्ट और पारदर्शी जानकारी उपलब्ध कराना शामिल है। इन वाजिब मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए सभी दवा विक्रेता एकजुट होकर राजस्थान स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ के समक्ष अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

कृष्ण शर्मा की अगुवाई में बारां जिले से भी दवा विक्रेता समिति के सदस्य जयपुर पहुंचकर इस आंदोलन में भाग लेंगे। यह प्रदर्शन राज्यभर के दवा विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति और आरजीएचएस व्यवस्था में भुगतान प्रणाली से जुड़े गंभीर मुद्दों को उजागर करेगा।

Rajendra Sharma, Baran

Rajendra Sharma, Baran

नाम: राजेंद्र शर्मा

वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)

कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर

परिचय 

राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

  • राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
  • राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
  • दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
  • दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
  • दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
  • अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story