जयपुर: ट्रैफिक सिग्नलों पर शेड लगाने के लिए रामचरण बोहरा ने लिखा पत्र
पूर्व सांसद ने भीषण गर्मी को देखते हुए वाहन चालकों को राहत देने के लिए नगर निगम और संभागीय आयुक्त से तत्काल त्रिपाल लगवाने का आग्रह किया है।

जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा जिन्होंने शहर के व्यस्त ट्रैफिक सिग्नलों पर धूप से बचाव के लिए शेड लगाने की मांग को लेकर प्रशासन को पत्र लिखा है।
जयपुर सहित अन्य शहरों में बढ़ती भीषण गर्मी के बीच आमजन को राहत दिलाने का मुद्दा अब तेज हो गया है। जयपुर के पूर्व सांसद रामचरण बोहरा ने प्रमुख एवं व्यस्त ट्रैफिक सिग्नलों पर धूप से बचाव के लिए त्रिपाल (शेड) लगाने की मांग उठाई है।
बोहरा ने संभागीय आयुक्त एवं प्रशासक, जयपुर नगर निगम को पत्र लिखकर इस संबंध में तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन के साथ ही तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे शहर के विभिन्न ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकने वाले वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को तेज धूप के कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व वर्षों में नगर निगम द्वारा ट्रैफिक सिग्नलों पर त्रिपाल या शेड लगाने की व्यवस्था की जाती रही है, जिससे नागरिकों को धूप से पर्याप्त राहत मिलती थी। हालांकि, इस वर्ष अब तक इस प्रकार की कोई व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है।
पूर्व सांसद ने प्रशासन से आग्रह किया है कि शीघ्रता से जयपुर शहर के प्रमुख एवं व्यस्त ट्रैफिक सिग्नलों पर त्रिपाल लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिल सके। यह मांग सीधे तौर पर शहर के लाखों नागरिकों की दैनिक परेशानी से जुड़ी हुई है, जो तेज धूप में ट्रैफिक सिग्नलों पर रुकने को मजबूर हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
