बारां: अतिरिक्त सचिव राजीव सिंह ठाकुर ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम को परखा
नीति आयोग के अतिरिक्त सचिव ने बारां में अटल टिंकरिंग लैब, स्वास्थ्य केंद्रों और विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बारां जिले के भ्रमण के दौरान नीति आयोग के अतिरिक्त सचिव राजीव सिंह ठाकुर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए और अधिकारियों से फीडबैक लेते हुए।
अटल टिंकरिंग लैब का निरीक्षण और नवाचार
अतिरिक्त सचिव ठाकुर ने बमूलिया स्थित पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय पहुंचकर अटल टिंकरिंग लैब का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने बच्चों द्वारा निर्मित विभिन्न मॉडलों को देखते हुए इन्हें बनाने की विधि, संचालन के तरीके व सामाजिक जीवन में उनकी उपयोगिता के बारे में पूछा। लैब में बच्चों ने निम्नलिखित मॉडलों का प्रदर्शन किया:
- बारिश से बचाव के लिए ऑटोमेटिक क्लॉथ प्रोटेक्टर
- रैन वाटर हार्वेस्टिंग और डोर लॉक सिस्टम
- प्लांट केयर सिस्टम और स्मार्ट कार्बन एब्जॉर्वर
- एयर पॉल्यूशन कंट्रोल सहित लगभग एक दर्जन मॉडल
इस दौरान ठाकुर ने लैब के लिए मिलने वाली केन्द्रीय सहायता के बारे में जानकारी ली तथा "विज्ञान विषय की गतिविधियों में बालिकाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।"
स्वास्थ्य सेवाएं और निक्षय मित्र पहल
अतिरिक्त सचिव ने शहीद राजमल मीणा जिला चिकित्सालय के ओपीडी परिसर में क्षय रोग पीड़ितों को निक्षय मित्र पोषण किट वितरित किए तथा क्षय रोगियों के लिए रोग निदान के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
पशुपालन और टीकाकरण अभियान
उन्होंने कलमण्ड़ा की हीरामन कॉलोनी में पशुपालन विभाग की ओर से आयोजित एनिमल वैक्सीनेशन कैंप का जायजा लिया तथा पशुओं के टीकाकरण की गतिविधि का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पशुपालकों से "उनके पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य तथा रोग से बचाव के लिए नियमित रूप से वैक्सीनेशन कराने की अपील की।" उन्होंने विभागीय अधिकारियों से पशुधन सुरक्षा व उपचार के लिए दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा
आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत उन्होंने नीति आयोग के अंतर्गत उपलब्ध बजट तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर से लेकर ब्लॉक एवं जिला स्तर पर संचालित कार्यक्रमों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनसामान्य तक लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया के संबंध में बारीकी से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भ्रमण
अतिरिक्त सचिव ठाकुर ने भ्रमण के दौरान संबलपुर के अटल सेवा केन्द्र में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया।
- मातृ शिशु स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर की जा रही गतिविधियों का अवलोकन किया।
- केन्द्र के माध्यम से दी जाने वाली सुविधाओं का रिकार्ड देखा।
- आशा से बच्चों व महिलाओं को मिलने वाले पोषक आहार से लाभ के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने किशनगंज मुख्यालय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का विजिट करते हुए प्रसूति कक्ष को देखा तथा वहां महिलाओं के प्रसव के लिए उपलब्ध सुविधाओं व सेवाओं के बारे में जानकारी लेते हुए दिशा निर्देश दिए।
शिक्षा, वृक्षारोपण और सड़क निर्माण की गुणवत्ता
किशनगंज क्षेत्र में छीनोद के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में निरीक्षण करते हुए अतिरिक्त सचिव ने वहां गर्ल्स टॉयलेट, पेयजल की सुविधा तथा विद्यार्थियों के नामांकन के बारे में प्रधानाचार्य से जानकारी ली तथा "बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा उन्नत शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।" यहां उन्होंने वृक्षारोपण भी किया।
उन्होंने पीएम जनमन योजना के अंतर्गत बरूनी कस्बे को पुराने बरूनी को जोड़नेेे वाली नवनिर्मित करीब ढ़ाई किमी लंबी सड़क निर्माण की गुणवत्ता को भी बारीकी से देखा।
उपस्थित अधिकारी
भ्रमण के दौरान जिला परिषद के सीईओ राजवीर सिंह चौधरी, उपखंड अधिकारी राकेश कुमार रावत एवं संबंधित विभागों के अधिकारी साथ रहे।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
