बारां। राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में जिला पुलिस बारां द्वारा दो दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का गरिमामयी आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदासु ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 15 और 16 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर सेरेमोनियल परेड, सेवा चिन्ह वितरण, सांस्कृतिक संध्या, वृक्षारोपण और रक्तदान जैसे विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा को प्रदर्शित किया गया।

आयोजन के प्रथम चरण में 15 अप्रैल 2026 को खेल संकुल बारां में 5 किलोमीटर दौड़ के साथ गतिविधियों का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात टाउन हॉल बारां में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता और भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी संध्या में पुलिस परिवार के बच्चों, पुलिस कार्मिकों तथा स्थानीय स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर समां बांध दिया। इस अवसर पर माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश महोदय बारां, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, वृताधिकारी अंता व बारां, थानाधिकारी कोतवाली, थानाधिकारी सदर सहित जिला मुख्यालय के समस्त पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को माननीय जिला एवं सेशन न्यायाधीश और पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किया गया, वहीं रनर्स क्लब बारां द्वारा सांत्वना पुरस्कार वितरित किए गए।

उत्सव के दूसरे दिन 16 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य सेरेमोनियल परेड का आयोजन हुआ, जिसका नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां ने किया। अनुशासन और समर्पण के प्रतीक इस समारोह में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिसकर्मियों को उत्तम सेवा चिन्ह, अति उत्तम सेवा चिन्ह और सर्वोत्तम सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के अंतिम चरण में पुलिस लाइन परिसर में सघन वृक्षारोपण किया गया और पुलिस जवानों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया। यह दो दिवसीय आयोजन न केवल पुलिस के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित कर गया, बल्कि समाज और सुरक्षा बलों के बीच के समन्वय को भी सुदृढ़ कर गया।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story