राजस्थान: 8 नए जिलों में उप जिला शिक्षा अधिकारी पद सृजित करने की मांग
शारीरिक शिक्षा संघ ने शिक्षा निदेशक को सौंपा ज्ञापन, वर्ष 2022 के शारीरिक शिक्षकों के स्थाईकरण और प्रारंभिक शिक्षा में नए पद सृजन की मांग उठाई।

राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र कम्बोज (बाएं) और बारां जिला प्रभारी सुनील शर्मा (दाएं) जिन्होंने विभिन्न खेल मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक शारीरिक शिक्षा संघ ने प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र कम्बोज के नेतृत्व में निदेशक माध्यमिक शिक्षा को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए नए बने आठ जिलों में उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद सृजित करने तथा वर्ष 2022 भर्ती में नियुक्त शारीरिक शिक्षकों का शीघ्र स्थाईकरण करने की मांग उठाई। संघ ने खेल शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
बारां जिला प्रभारी व्याख्याता सुनील शर्मा ने बताया कि ज्ञापन में प्रारंभिक शिक्षा कार्यालयों में भी उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद सृजित करने की मांग प्रमुखता से शामिल की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा स्तर ही खेलों की वास्तविक नींव होती है। ऐसे में वहां खेल गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित होने पर बेहतर खिलाड़ी तैयार होंगे तथा विद्यालयों में खेलों का सकारात्मक वातावरण विकसित होगा।
ज्ञापन में आरजीएचएस में आ रही समस्याओं के समाधान, उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा से सहायक निदेशक पदों पर पदोन्नति सहित कई महत्वपूर्ण मांगों को भी शामिल किया गया। संघ पदाधिकारियों ने विभागीय ढांचे में शारीरिक शिक्षा से जुड़े पदों की कमी को खेल गतिविधियों के विकास में बाधा बताते हुए आवश्यक पद सृजन की मांग दोहराई।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान विभाग के उच्चाधिकारियों के साथ हुई वार्ता सकारात्मक रही। अधिकारियों ने नए जिलों में उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद सृजित करने, वर्ष 2022 भर्ती के जिन शारीरिक शिक्षकों का दस्तावेज सत्यापन पूर्ण हो चुका है उनका स्थाईकरण करने, प्रारंभिक शिक्षा कार्यालयों में उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा के पद सृजित करने तथा सहायक निदेशक पदों पर शारीरिक शिक्षा की पदोन्नति के संबंध में सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि खेल शिक्षा को संस्थागत मजबूती दी जाती है तो प्रदेश में खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और संसाधन उपलब्ध होंगे, जिससे खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
