बारां: एलईडी मोबाइल वैन और ग्राम रथ अभियान से जन-जन तक पहुंच रही योजनाएं
जिले में 15 दिवसीय अभियान के तहत एलईडी वैन और लोक कलाकारों द्वारा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

बारां जिले की ग्राम पंचायत रेलावन में आयोजित ग्राम रथ अभियान के दौरान लोक कलाकार नुक्कड़ नाटक और गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करते हुए।
प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में चार एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से 15 दिवसीय ग्राम रथ अभियान संचालित किया जा रहा है। सोमवार को भी अभियान के तहत विभिन्न गांवों में ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति और नुक्कड़ नाटक के जरिए योजनाओं का संदेश प्रसारित किया गया।
अभियान के अंतर्गत जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में संचालित मोबाइल वैन की एलईडी स्क्रीन पर किसानों को खेती-बाड़ी की आधुनिक तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। चारों वैन निरंतर वीडियो संदेशों का प्रसारण कर रही हैं, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी मिल रही है।
संध्या समय आयोजित ‘संध्या चौपाल’ कार्यक्रमों में लोक कलाकारों द्वारा गीतों और नाटकों के माध्यम से योजनाओं को रोचक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही ग्राम रथों पर सुझाव पेटिका रखी गई है, जिसमें ग्रामीण अपने सुझाव दर्ज कर रहे हैं, ताकि भविष्य में योजनाओं को अधिक पारदर्शी और जनोन्मुख बनाया जा सके।
सोमवार को ग्रामीण बहुल विधानसभा क्षेत्र अंता में उदपुरिया, पटपड़ा, कनाड़ा, तिसाया, शाहपुरा, बारां-अटरू क्षेत्र में मूण्डलाबिसोति, ढोटी, सहरोद, किशनगंज क्षेत्र में जलवाड़ा, ख्यावदा, बजरंगगढ़, सकरावदा, कांकड़दा तथा छबड़ा क्षेत्र में पीथपुर, झंझनी, मानपुरा और सहजनपुर में ग्राम रथों के माध्यम से जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में एलईडी स्क्रीन के जरिए मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के संदेश प्रसारित कर जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित किया गया।
ग्राम पंचायत रेलावन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आमजन को योजनाओं की संपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। लोक कलाकारों द्वारा नृत्य, लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में प्रदर्शित सूचनात्मक वीडियो, घोषणाएं और संदेशों को स्थानीय नागरिकों ने ध्यानपूर्वक देखा और सुना।
मंगलवार को अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र अंता में छत्रपुरा, रायथल, महुआ, किसनपुरा, जलोदातेजाजी, बारां-अटरू क्षेत्र में जिरोद, कुन्जैड़, आटोन, किशनगंज क्षेत्र में बांसथूनी, पींजना, बिलासगढ़, फल्दी, किशनगंज तथा छबड़ा क्षेत्र में बारई, कडैयानोहर, घाटाखेड़ी और मूण्डक्या में ग्राम रथों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं की जानकारी को सुलभ बनाते हुए सरकार और आमजन के बीच संवाद को सुदृढ़ कर रहा है, जिससे योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी को नई दिशा मिल रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
