राजस्थान: व्यापार महोत्सव 2026 के लिए सीएम भजनलाल शर्मा ने दिया सहयोग का भरोसा
मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को निवेश का न्योता दिया और नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव के लिए कैट प्रतिनिधिमंडल को पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया।

जयपुर के लोक भवन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े से मुलाकात करते सांसद प्रवीन खंडेलवाल और कैट का प्रतिनिधिमंडल।
राजस्थान को देश का प्रमुख निवेश और व्यापारिक केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भजनलाल शर्मा ने देशभर के उद्यमियों और व्यापारियों से राज्य में उद्योग स्थापित करने का आह्वान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्थान सरकार निवेशकों को त्वरित अनुमतियां, सरल प्रक्रियाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
यह बयान उस समय सामने आया जब कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने जयपुर स्थित लोक भवन में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से कैट के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत अभियान को गति देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले भारतीय व्यापार महोत्सव (BVM) 2026 के लिए राज्य सरकार से सहयोग का आग्रह किया गया।
प्रतिनिधिमंडल में कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेश पटोदिया, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान प्रभारी मनोज गोयल तथा राजस्थान प्रदेश सचिव हेमंत प्रभाकर भी शामिल रहे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के लिए राजस्थान सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 का आयोजन 12 से 15 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। इसे भारतीय उत्पादों की देश की सबसे बड़ी प्रदर्शनी के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जहां व्यापार, उद्योग, निर्यात, नवाचार और उद्यमिता को एक मंच मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान उद्योग, व्यापार, पर्यटन, खनिज, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल, लॉजिस्टिक्स और निर्यात जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाओं से परिपूर्ण है। राज्य में संसाधनों की प्रचुरता, उत्कृष्ट आधारभूत ढांचा, अनुकूल नीतियां और सुरक्षित निवेश वातावरण उपलब्ध है, जो इसे देश का प्रमुख निवेश गंतव्य बनाता है।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कैट की पहल की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव जैसे आयोजन देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने वाले प्रभावी मंच हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से राज्यों को अपनी विशेषताओं, उत्पादों और निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलता है। उन्होंने यह भी कहा कि राजस्थान केवल संस्कृति और विरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार, उद्योग, कृषि, नवाचार और आत्मनिर्भरता का मजबूत केंद्र बनकर उभर रहा है।
प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ विज़न के तहत कैट देशभर के व्यापारियों, उद्यमियों, एमएसएमई इकाइयों, महिला उद्यमियों और स्टार्टअप समुदाय को इस महोत्सव से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चला रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भारत की आर्थिक शक्ति, स्वदेशी व्यापार, डिजिटल व्यापार और निर्यात संवर्धन को नई गति देगा।
बैठक में यह भी तय हुआ कि मई माह के दूसरे सप्ताह में जयपुर में एक भव्य राष्ट्रीय उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यपाल और मुख्यमंत्री विशेष रूप से भाग लेकर उद्यमियों, व्यापारियों, स्टार्टअप्स और युवा वर्ग को संबोधित करेंगे। सम्मेलन की तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
यह पहल राजस्थान को राष्ट्रीय और वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।

Rajendra Sharma, Baran
नाम: राजेंद्र शर्मा
वर्तमान पद: संवाददाता | प्रांतीय प्रचार प्रमुख (भारत तिब्बत सहयोग मंच)
कार्यक्षेत्र: बारां (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक, आपराधिक, समसामयिक, सामाजिक, धार्मिक, पर्यटक स्थल एवं ऐतिहासिक धरोहर
परिचय
राजेंद्र शर्मा राजस्थान के बारां क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह वर्तमान में संवाददाता के रूप में कार्य करने के साथ-साथ 'भारत तिब्बत सहयोग मंच' में प्रांतीय प्रचार प्रमुख का दायित्व भी संभाल रहे हैं। राजेंद्र शर्मा मुख्य रूप से राजनीतिक व आपराधिक मामलों, समसामयिक और सामाजिक विषयों सहित क्षेत्र के धार्मिक, पर्यटक स्थलों तथा ऐतिहासिक धरोहरों पर विशेष रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- राजेंद्र शर्मा वर्ष 1994 से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। पिछले तीन दशकों से अधिक के अपने करियर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े मीडिया संस्थानों में विभिन्न पदों पर कार्य किया है:
- राजस्थान पत्रिका (1992–1994): सहायक संवाददाता के रूप में पत्रकारिता की शुरुआत की।
- दैनिक भास्कर (1996/97–2000): फाउंडर ब्यूरो चीफ के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली।
- दैनिक नवज्योति (2000 से): लगभग 9 वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं।
- दैनिक जननायक: 5 वर्षों तक नियमित कार्य किया।
- अन्य राष्ट्रीय व क्षेत्रीय समाचार पत्र: उन्होंने 'राष्ट्रदूत', कोटा के साप्ताहिक समाचार पत्र 'शिल्पांगी', तथा 1 वर्ष तक 'जनसत्ता' और 'हिंदुस्तान टाइम्स' में भी कार्य किया है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
